भोपाल में महिला कांग्रेस ने शव यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया

महिला कांग्रेस सोमवार एवं मंगलवार को प्रदेश के ब्लाकों, तहसीलों, जिलों में प्रदर्शन करेगी

366

भोपाल में महिला कांग्रेस ने शव यात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया

भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त करने के निर्णय के विरोध में शनिवार को मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं भोपाल की पूर्व महापौर श्रीमती विभा पटेल के नेतृत्व में शनिवार को लोकतंत्र की शव यात्रा निकाली गई। महिला कांग्रेस ने भोपाल समेत दो दर्जन से अधिक जिलों में प्रदर्शन भी किया। लोकतंत्र की शवयात्रा उपरांत श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि राहुलजी की सदस्यता के संबंध में लिया गया फैसला लोकतंत्र की हत्या है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस फैसले को देश में काले अध्याय के रूप में जाना जाएगा। श्री राहुल गांधी की सदस्यता को षडयंत्र पूर्वक समाप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि वे हैरान है कि जब कोर्ट ने राहुल जी को एक महीने की जमानत दे दी थी, उसके बावजूद भी लोकसभा से उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई। ये फैसला राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है।

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता राजनीतिक आतंकवाद के आगे घुटने नहीं टेकेगा। हम लोकतंत्र के लिए लड़ेंगे। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए सड़कों पर आंदोलन करेंगे। महापुरुषों का अपमान करने वालों को जनता के बीच एक्सपोज करने में पीछे नहीं रहेंगे। जन-जन तक अपनी भावनाएं पहुंचाएंगे।

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि श्री राहुल गांधी अन्याय के खिलाफ हमेशा आवाज उठाते हैं मगर उनके साथ बदले की भावना से काम किया जा रहा है।श्री राहुल गांधी की मानहानि के जिस प्रकरण में सदस्यता समाप्त की गई है, वह केस बनता ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में भाजपा की सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है। ये राजनीतिक आतंकवाद का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

श्रीमती विभा पटेल ने केंद्र की नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर पिछड़ा वर्ग विरोधी होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से पिछड़ा वर्ग की हिमायती रही है लेकिन ये अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र एवं राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण देने में कतरा रही है। आरक्षण के नाम पर पिछड़ा वर्ग को भ्रमित कर रही है।

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस सभी ब्लाकों एवं तहसीलों में 27 मार्च से लगातार प्रदर्शन करके लोकसभा अध्यक्ष के फैसले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगी।आज भोपाल में रोशनपुरा चौराहे पर महिला कांग्रेस ने लोकतंत्र की शवयात्रा निकाली। इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल श्रीमती राजलक्ष्मी नायक, फरजाना खान, जिला अध्यक्ष संतोष कंसाना, कार्यकारी अध्यक्ष तस्लीम लश्करी, दीप्ति जैन,शहाना हसन, भारती बाथम ,सुनीता घावरे,महक राना, यशोदा पांडे, नीतू सिंह आदि समेत बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुईं।