Master Mind Surrendered : संसद में घुसपैठ मामले के फरार मास्टर माइंड ने समर्पण किया!

पुलिस कार्रवाई से घबराकर थाने पहुंचा!

553

Master Mind Surrendered : संसद में घुसपैठ मामले के फरार मास्टर माइंड ने समर्पण किया!

New Dehli : संसद की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर अपने साथियों को सदन में घुसाने और हंगामा करने वाले मास्टर माइंड ने पुलिस की छापेमारी से डरकर गुरुवार रात दिल्ली पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। यह जानकारी दिल्ली पुलिस ने दी। अधिकारियों ने बताया कि अब इस आरोपी ललित से पूरे मामले की पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद से ही ललित फरार था। ललित को इस घटना में मास्टर माइंड बताया जा रहा था। इसकी तलाश में पुलिस लगातार जगह-जगह छापे मार रही थी। संसद सुरक्षा उल्लंघन मामले पुलिस ने इससे पहले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लेकिन, ललित के बारे में कहीं कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इससे पहले खबर आई थी कि ये राजस्थान में कहीं छिपा है। लेकिन, इसने थाने में पहुंचकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया गया कि पकड़े गए आरोपियों का अभी तक किसी भी संगठन से कनेक्शन होने की कोई जानकारी नहीं मिली। आरोपी सागर शर्मा और मनोरंजन ने संसद भवन में जाने के लिए पास का इंतजाम किया था। पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी सोशल मीडिया ग्रुप ‘भगत सिंह फैन क्लब’ से जुड़े हुए थे।

 

मैसूर में मिले थे सभी

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी डेढ़ साल पहले मैसूरु में मिले थे। सागर लखनऊ से जुलाई में दिल्ली आया था, लेकिन संसद भवन में प्रवेश नहीं कर सका। 10 दिसंबर को बाकी के आरोपी अपने-अपने राज्यों से दिल्ली पहुंचे। इंडिया गेट के पास वे इकट्ठा हुए जहां रंगीन पटाखे बांटे गए। पुलिस ने बताया कि गुप्त तरीके से आपत्तिजनक वस्तुओं को संसद भवन के अंदर ले जाया गया।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। भारतीय दंड संहिता की धारा 120 बी, 453, 153, 186, 353 और यूएपीए की धारा 16 और 18 के तहत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद जरूरी हुआ तो पुलिस धाराएं बढ़ा सकती है।