
Mega Blood Donation Camp : रतलाम में डॉक्टर्स डे पर स्वर्गीय अश्विनी शर्मा की स्मृति में होगा मेगा ब्लड डोनेशन कैंप!
जरूरतमंदों के लिए जीवनदान का बनेगा माध्यम, 1 जुलाई को जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर!
Ratlam : स्वर्गीय अश्विनी शर्मा की पुण्य स्मृति में डॉक्टर्स-डे पर 1 जुलाई को रतलाम जिला अस्पताल के फीवर क्लिनिक में मेगा ब्लड डोनेट कैंप आयोजित किया जाएगा। यह शिविर मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रतलाम तथा मध्यप्रदेश मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव यूनियन के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

रतलाम जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. एपी सिंह ने बताया कि रक्तदान मानव सेवा का सर्वोच्च कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। इसी उद्देश्य के साथ समाज के अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर का शुभारंभ सुबह 9 बजे होगा और रक्तदान का क्रम दोपहर 3 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय शामिल होंगे। आयोजकों ने शहरवासियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं विभिन्न संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। साथ ही अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है।
आयोजकों का कहना है कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है और अस्पतालों में प्रतिदिन अनेक मरीजों को रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान न केवल जरूरतमंदों की जान बचाने का माध्यम है, बल्कि समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रतलामवासी बड़ी संख्या में रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश देंगे!





