Muhurat : मड़ियों और बड़े बाज़ारों में मुहूर्त के साथ कारोबार शुरू

बैंड बाजों के साथ माल लेकर पहुंचे किसानों का स्वागत

1042

 

Indore : सोमवार को छावनी अनाज मंडी, लक्ष्मीबाई अनाज मंडी, चोइथराम थोक मंडी और सियागंज जैसे प्रमुख बाजारों में नए कारोबारी साल की शुरुआत हुई। सुबह 9.21 बजे के शुभ मुहूर्त में चोइथराम मंडी में आलू-प्याज कारोबारियों ने पूजा अर्चना करके नए साल का कामकाज शुरू किया। 9.30 बजे से इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ ने छावनी अनाज मंडी में पूजा और व्यापारी मिलन समारोह आयोजित किया।

मंडी में आतिशबाजी और बैंड बाजों के साथ माल लेकर पहुंचे किसानों का स्वागत किया। मुहूर्त के सौदों के बाद चने और मसूर समेत दलहन के दामों में तेजी देखने को मिली। दोपहर 1.30 बजे सियागंज किराना मर्चेंट एसोसिएशन ने बाजार में कांटे की पूजा कर नए कारोबारी साल की शुरुआत की। एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल व अन्य ने कारोबारियों का मुंह मीठा करवाया।

संयोगितागंज स्थित अनाज मंडी में आज विधि विधान से महालक्ष्मी का पूजन कर मुहूर्त के सौदे किए गए। संयोगितागंज अनाज मंडी में हुए मुहूर्त के सौदों में पिछले सालों की तुलना में व्यापारियों और किसानों में अच्छा उत्साह देखा गया। इसके साथ ही किसानों और व्यापारियों के बीच हुए सभी सौदे दोनों पक्ष के लिए फायदेमंद साबित हुए। लक्ष्मीबाई नगर प्रांगण में मुहूर्त में नीलामी प्रारंभ हुई जिसमें सोयाबीन 6161.25 रु प्रति कुंटल, गेहूं 2401.25 प्रति कुंटल, चना डालर 8100.25 प्रति कुंटल, चना देशी 4851.25 प्रति कुंटल और मटर 4101.25 प्रति कुंटल विक्रय हुआ।

दीपावली अवकाश के बाद हर वर्ष अनाज मंडी में मुहूर्त के सौदे की परंपरा है, जिसमें व्यापारी किसान के फसल को परखता है और सौदे तय होते हैं। इसी के चलते आज संयोगितागंज स्थित मंडी में विधिवत मुहूर्त के सौदे की शुरुआत हुई, जिसमें व्यापारियों और किसानों के साथ ही शहर के कई जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिसमें सांसद शंकर लालवानी और मंत्री तुलसी सिलावट शामिल हुए। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों के व्यापारियों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की बधाईयां देने के साथ ही उन्हें अच्छे व्यापार की भी शुभकामनाएं दी।

बही-खातों की पूजा                                              दीपावली के पहले पुष्य नक्षत्र में व्यापारी बही-खाते और चौपड़ा खरीदते हैं। दीपावली के पूजन के बाद पहले कारोबारी मुहूर्त में इन बही खातों में पहला हिसाब लिखकर कारोबारी साल की शुरुआत कर सालभर अच्छे कारोबार की कामना करते हैं। जीएसटी के बाद भले ही अकाउंटिंग कम्प्यूटराइज्ड हो गई हो, सरकारी रिकॉर्ड से नया वित्त वर्ष एक अप्रैल से शुरू होता है लेकिन बाजारों में कारोबार का नया साल दीपावली के बाद ही माना जाता है। मुहूर्त पूजा में कई जनप्रतिनिधि और नेता मौजूद रहे। विधायक आकाश विजयवर्गीय, कांग्रेस सचिव सत्यनारायण पटेल, गोपीकृष्ण नेमा, विनय बाकलीवाल, गोविंद मालू ने व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ पूजा पाठ की।

दाल मिलों में सौदे

शुभ मुहूर्त में दाल मिल कारखानों में भी कारोबार का शुभारंभ हुआ। कई दाल मिलों में दीपावली के बाद आज शुभ मुहूर्त में कारोबार की शुरुआत मुहूर्त में पूजन के बाद हुई। मूंग, मसूर, चना, मटर सहित अन्य का 120 से 140 ट्रकों के व्यापार का आरम्भ किया। इस वर्ष देश में दलहन उत्पादन की जानकारी देते हुए बताया कि 2021 में देश में तुअर, उड़द एवं मूंग का उत्पादन काफी अच्छा हुआ है। किसानों नें पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक बिजाई की है, जिससे दलहन का रकबा काफ़ी बढ़ा है।

Author profile
WhatsApp Image 2021 10 23 at 1.54.28 AM
बसंत पाल

लेखक वरिष्ठ पत्रकार और कारपोरेट, कमोडिटी मार्केट के जानकार हैं। इन विषयों पर तीन दशकों से निरंतर लेखन कर रहे हैं। आर्थिक मामलों के समीक्षक होने के साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से भी सम्बद्ध रहे।
संपर्क : 98260 10905