WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

Multiple FIRs on Digvijay Singh : दिग्विजय सिंह के खिलाफ कई जगह FIR, ज्ञापन भी दिए

Bhopal. फर्जी ट्वीट के मामले में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह घिरते जा रहे हैं। मंगलवार को उनके खिलाफ भोपाल में FIR दर्ज की गई। इसके बाद ग्वालियर, जबलपुर और नर्मदापुरम में भी दिग्विजय सिंह के खिलाफ FIR दर्ज हुई। इंदौर समेत कुछ शहरों में बीजेपी नेताओं ने प्रशासन को ज्ञापन दिए। दिग्विजय सिंह पर धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश के आरोप लगे हैं।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद ने खरगोन हिंसा के बाद एक ट्वीट किया था, जिसमें एक व्यक्ति मस्जिद की दीवार पर चढ़कर भगवा झंडा लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। दिग्विजय सिंह ने अपने ट्वीट में इस तस्वीर को खरगोन का बताया था। लेकिन, वो बिहार की थी। हालांकि, बाद में वो ट्वीट डिलीट कर दिया गया था, पर उससे पहले उसके स्क्रीन शॉट वायरल हो चुके थे।

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ एक्शन लेने की बात कही थी। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा था कि दिग्विजय सिंह प्रदेश को दंगों की आग में झोंकना चाहते हैं। ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गृह मंत्री ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के भी संकेत दिए थे।

इसके बाद दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल में FIR दर्ज की गई। फिर जबलपुर और ग्वालियर में भी FIR दर्ज किए जाने की सूचना है। इंदौर में बीजेपी के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने दिग्विजय सिंह के असत्य तथ्यों के आधार पर किए ट्वीट की शिकायत पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन देकर की है।