
देवास जिले की ग्राम पंचायत ननासा ने जीता 13th अर्थ केयर अवार्ड
देवास: देवास जिले की ग्राम पंचायत ननासा ने जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किये गये कार्यो के लिए 13th अर्थ केयर अवार्ड जीता है। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती ज्याति शर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत ननासा ने वो कर दिखाया जो बड़े-बड़े शहर नहीं कर पाते। प्रतिष्ठित जेएसडब्ल्यू और टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप का 13th अर्थ केयर अवार्ड इस बार ग्राम पंचायत ननासा के नाम रहा।
21 मई को मुंबई के टाटा थिएटर, ताज होटल में आयोजित भव्य समारोह में जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन की चेयरपर्सन सुश्री संगीता जिंदल ने ग्राम पंचायत ननासा के सरपंच रोहित तिवारी को यह अवार्ड प्रदान किया।

अर्थ केयर अवार्ड पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए दिया जाता है।
इस अवार्ड के लिए देशभर से 02 हजार से अधिक संस्थानों ने आवेदन किया था। टीईआरई के वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों और यूएन के एक्सपर्ट्स की ज्यूरी ने 6 महीने की स्क्रूटनी के बाद सिर्फ 11 विजेताओं का चयन किया। ‘कम्युनिटी बेस्ड मिटिगेशन एंड एडॉप्टेशन’ कैटेगरी में ननासा पूरे मध्य प्रदेश से एकमात्र विजेता ग्राम पंचायत बनी है।





