

New BJP President Soon : मध्यप्रदेश में BJP का नया अध्यक्ष 10 मार्च से पहले, दौड़ में कैलाश विजयवर्गीय का भी नाम!
Bhopal : दिल्ली विधानसभा चुनाव और उसके बाद भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के कारण अटके भाजपा के संगठन चुनाव की प्रक्रिया अब फिर शुरू होगी। बूथ, मंडल और जिला अध्यक्षों के चुनाव के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। माना जा रहा है कि 10 मार्च से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के लिए आधा दर्जन नाम चर्चा में हैं। इसमें हेमंत खंडेलवाल, सुमेर सिंह सोलंकी, हिमाद्री सिंह, नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, अर्चना चिटनिस, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला का नाम सामने आ रहा है। वहीं अब इस दौड़ में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का नाम भी शामिल माना जा रहा। उल्लेखनीय है कि मप्र में सभी 62 भाजपा जिला अध्यक्षों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी। जिला अध्यक्षों के निर्वाचन के बाद माना जा रहा था कि 15 फरवरी तक प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन भी हो जाएगा। लेकिन, भोपाल में हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के चलते यह प्रक्रिया एक बार फिर टल गई थी। लेकिन, अब प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया ने फिर गति पकड़ ली।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के कई दावेदार हैं। इन दावेदारों के नामों पर संगठन के चुनाव अधिकारियों के अलावा केन्द्रीय नेतृत्व विचार कर रहा है। अब देखना है कि संगठन वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष को फिर से अवसर देता है या उनका दायित्व परिवर्तन कर मध्यप्रदेश में किसी और को यह जिम्मेदारी सौंपता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जिन नामों की चर्चा है, उनमें हेमंत खंडेलवाल का नाम है जो वैश्य समाज से आते हैं। इस वर्ग में नया नाम कैलाश विजयवर्गीय का माना जा रहा है। एससी वर्ग को अपने पाले में करने के लिए किसी एससी वर्ग के नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो लालसिंह आर्य के नाम पर मुहर लग सकती है।
इसी तरह से अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रभाव को देखते हुए सुमेर सिंह सोलंकी, दुर्गादास उइके और गजेंद्र पटेल का नाम भी चर्चा में है। फिलहाल प्रदेश में ओबीसी सीएम वाली सरकार और सामान्य वर्ग वाला प्रदेश अध्यक्ष बनाकर जातीय समीकरण साधने की जो शुरुआत की गई थी, उसी को आगे बढ़ाए जाने की संभावना अधिक है।
इसलिए माना जा रहा है कि पार्टी इसी फॉर्मूले पर इस बार भी आगे बड़ सकती है। भाजपा के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ब्राह्मण वर्ग से आते हैं, उनका कार्यकाल पूरा हो चुका है। ऐसे में ब्राह्मण वर्ग से जो नाम रेस में हैं उनमें पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला का नाम सामने आ रहा है। जातिगत समीकरणों की बात करें तो फिलहाल मोहन कैबिनेट में सबसे कम भागीदारी ब्राह्मण वर्ग की है, सिर्फ दो मंत्री ही इस वर्ग के हैं।