आनलाइन ठगी: भोपाल में करीब दो करोड़ रुपए की ठगी के अलग-अलग मामले सामने आए 

32
Cyber Fraud

आनलाइन ठगी: भोपाल में करीब दो करोड़ रुपए की ठगी के अलग-अलग मामले सामने आए 

भोपाल। राजधानी में बीते 24 घंटे में धोखाधड़ी के अलग-अलग मामलों में करीब दो करोड़ रुपए की ठगी के मामले सामने आए हैं। क्राइम ब्रांच और अलग-अलग थाना इलाकों में दर्ज प्रकरण के बाद अब पुलिस ने फरियादियों से ठगी के संबंध में दस्तावेज तलब किए हैं, ताकि जांच में कुछ नए तथ्य निकलकर सामने आ सकें।

पुलिस ने पीड़ितों से उनके बैंक की डिटेल भी तलब किए हैं, जिसमें जालसाजों ने आनलाइन माध्यम से रुपए डलवाए थे।

बताया जा रहा है कि अयोध्या बायपास निवासी योगेश चौहान से फर्जी पोर्टल से ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम 75 लाख रुपए ठगे गए हैं। कारोबारी को जालसाजों ने निवेश का झांसा दिया था। इसके बाद धीरे-धीरे उससे अलग-अलग खातों में रुपए जमा कराए गए हैं।

 क्रिप्टो निवेश के नाम पर छात्र से 53 लाख की ठगी

मिसरोद थाना क्षेत्र में क्रिप्टो करेंसी में निवेश का लालच देकर एक छात्र से 53 लाख रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। फरियादी प्रखर दुबे जो मूल रूप से नरसिंहपुर के रहने वाले हैं, भोपाल में रहकर पीएससी की तैयारी कर रहे हैं। प्रखर दुबे भगवान परिसर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक आनलाइन नंबर पर क्लिक किया, जहां उन्हें क्रिप्टो करेंसी में निवेश से जुड़े आकर्षक आफर दिखाए गए। शुरूआत में कम राशि निवेश कर लाभ का झांसा दिया गया। जिसके बाद आरोपियों ने धीरे-धीरे अलग-अलग तरीकों से बड़ी रकम जमा करवा ली।