Pangolin Smuggling: रायपुर में करोड़ों की कीमत के जिंदा पैंगोलिन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार,एक MP का

96

Pangolin Smuggling: रायपुर में करोड़ों की कीमत के जिंदा पैंगोलिन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार,एक MP का

रायपुर। Pangolin Smuggling : बीते कुछ सालों से छत्तीसगढ़ के जंगलों से दुर्लभ वन्य जीव की श्रेणी में आने वाले पेंगोलिन की तस्करी में बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसे कई तस्कर पूर्व में पकडे जा चुके हैं।

इस बार राजधानी रायपुर में वन विभाग की टीम ने वन्यजीव तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए जिंदा पैंगोलिन (Pangolin) के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद पैंगोलिन का वजन करीब 20 किलो बताया जा रहा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

वन विभाग के अफसरों के मुताबिक, आरोपियों की सूचना मिलने के बाद टीम पिछले करीब एक सप्ताह से उनकी तलाश में लगी हुई थी। कड़ी निगरानी और योजना के बाद दोनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क किया। जब आरोपी पैंगोलिन दिखाने के लिए तैयार हुए, तब कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सौदे की बात कीआरोपियों ने जिंदा पैंगोलिन दिखाया और उसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई। जैसे ही सौदा तय होने की स्थिति बनी, कर्मचारियों ने बाहर मौजूद वन विभाग की टीम को इशारा किया। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 20 किलो वजनी जिंदा पैंगोलिन बरामद किया गया। पैंगोलिन को स्थानीय भाषा में साल-खपरी भी कहा जाता है। वन विभाग ने उसे सुरक्षित कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में एक मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र का निवासी है। इनके नाम प्यारेलाल गोपचे और गोखन हलदार बताये गए हैं। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पैंगोलिन दुनिया के सबसे ज्यादा तस्करी किए जाने वाले वन्यजीवों में से एक है। इसके शल्क (स्केल) और अन्य अंगों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग रहती है, जिसके कारण इसकी अवैध तस्करी की जाती है। फिलहाल वन विभाग की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।