धर्मांतरण का मामला: धर्म बदलो, बीमारी दूर होगी—खरगोन में 4 गिरफ्तार

41

धर्मांतरण का मामला: धर्म बदलो, बीमारी दूर होगी—खरगोन में 4 गिरफ्तार

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र में कथित रूप से धर्मांतरण कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक ग्रामीण की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बमनाला निवासी बबलू पिता राजेश दागोडे (29 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई है कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह सेल्दा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने राजू बडोले के घर पर काफी भीड़ देखी। जब वह वहां पहुंचा तो उसे घर के अंदर बुलाया गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, अंदर मौजूद लोगों ने उसे ईसा मसीह की प्रार्थना करने के लिए कहा और बताया कि ऐसा करने से वह हमेशा स्वस्थ रहेगा तथा उसकी सभी परेशानियां दूर हो जाएंगी। आरोप है कि उसे अपने पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाज छोड़ने के लिए भी कहा गया। उसे हिंदू देवी-देवताओं की पूजा बंद करने, तिलक न लगाने और अपने धर्म का पालन नहीं करने के लिए कहा गया।

शिकायत में यह भी उल्लेख है कि कुछ देर बाद उसे बाइबल दी गई और कहा गया कि वह अब ईसाई बन चुका है। साथ ही उसे नए धर्म के फायदे बताए गए और यह भरोसा दिलाया गया कि धर्म बदलने के बाद उसे किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

घटना के बाद शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भीकनगांव थाना क्षेत्र की बमनाला पुलिस चौकी ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया ।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों में राजू बडोले निवासी बमनाला, बबलू जमरे निवासी ढसलगांव, पंकज बारिया निवासी झाबुआ और सेतु मेडा निवासी झाबुआ शामिल हैं। सभी के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने उनके पास से तेरह बाइबल, लैपटॉप, साउंड सिस्टम ,प्रोजेक्टर और ईसाई साहित्य बरामद किया है।

बमनाला चौकी प्रभारी राजेंद्र अवास्या ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ,जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ की जाएगी। फिलहाल पुलिस साक्ष्य एकत्र करने और मामले की पुष्टि करने में जुटी हुई है।