WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

सिंगरौली डकैती के बाद जागा PHQ, सभी जिलों के SP को बैंकों की सिक्योरिटी आडिट करने के निर्देश

सिंगरौली डकैती के बाद जागा PHQ, सभी जिलों के SP को बैंकों की सिक्योरिटी आडिट करने के निर्देश

भोपाल: घटना के बाद जागने की पुलिस की अपनी पुरानी आदत एक बार फिर सामने आई है। सिंगरौली में हुई करोड़ों की बैंक डकैती के बाद अब पुलिस मुख्यालय के अफसर सक्रिय हुए हैं और प्रदेशभर में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए हैं।

सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित बैंकों का सिक्योरिटी आडिट करने के लिए कहा गया है।

दरअसल, सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित बैंक आफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई डकैती में बदमाश 5.5 करोड़ रुपये से अधिक का सोना और करीब 20 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद सामने आया कि बैंक में सिक्योरिटी को लेकर कई खामियां थी। वहीं पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचने में करीब 20 मिनट का समय लग गया। रास्ते में चेकिंग व्यवस्था भी नाकाफी रही, जिससे आरोपी आसानी से फरार हो गए।

अब इस बड़ी चूक के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट किया है। निदेर्शों के तहत सबसे पहले यह जांच की जाएगी कि कितने बैंकों में सिक्योरिटी गार्ड तैनात हैं और जहां गार्ड हैं, उनके पास हथियार उपलब्ध हैं या नहीं। साथ ही गार्ड का पुलिस वेरिफिकेशन हुआ है या नहीं, इसकी भी पुष्टि की जाएगी।

इसके अलावा बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और गुणवत्ता की जांच भी की जाएगी। कैमरे सही जगह लगे हैं या नहीं, उनकी रिकॉर्डिंग स्पष्ट है या नहीं, यह भी देखा जाएगा।

बैंक के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों को भी जांच के दायरे में लाया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी फुटेज का उपयोग किया जा सके। सिक्योरिटी अलार्म सिस्टम भी जांच के केंद्र में रहेगा। यह देखा जाएगा कि अलार्म काम कर रहा है या नहीं और उसकी आखिरी बार जांच कब हुई थी। इन सभी बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

*इधर नहीं मिल पा रही आरोपियों को पकड़ने में सफलता*

सिंगरौली में हुई घटना के बाद डीजीपी कैलाश मकवाना ने स्वयं वहां पहुंचकर मोर्चा संभाला था। इसके बाद भी अब तक सिर्फ एक आरोपी ही पुलिस के हत्थे चढ़ सका है। बाकी के आरोपियों की तलाश में दर्जन भर से ज्यादा टीम लगी हुई हैं।