राजनीतिक स्वार्थों के लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने से इंकार

570

राजनीतिक स्वार्थों के लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने से इंकार

सत्ता की राजनीति में प्रतिपक्ष द्वारा केंद्र सरकार के किसी निर्णय या आर्थिक नीतियों का विरोध सामान्य कहा जा सकता है | लेकिन केवल दलगत विरोध और राजनीतिक स्वार्थों के लिए भारत की नई पीढ़ी का भविष्य निर्माण के लिए व्यापक विचार विमर्श के बाद घोषित राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सिरे से नकारते हुए  कुछ राज्य सरकारों द्वारा इसे लागू करने से इंकार बेहद अनुचित है | संविधान निर्माताओं ने शिक्षा , स्वास्थ्य , कानून व्यवस्था के विषय एक हद तक राज्य सरकारों के अधीन रखने का प्रावधान किया था | लेकिन आजादी के बाद 75 वर्षों के दौरान समय समय पर केंद्र सरकारों द्वारा बनाई गई नीतियों और बजट का लाभ राज्यों को नहीं मिला है | विशेष रुप से कांग्रेस पार्टी और उसकी राज्य सरकारों द्वारा शिक्षा नीति का विरोध आश्चर्यजनक है | राहुल गाँधी के इशारों पर चल रही कांग्रेस पार्टी के कथित ज्ञानी नेताओं को क्या इतनी भी जानकारी नहीं है कि दौलत सिंह कोठरी आयोग द्वारा तीन साल में तैयार पहली राष्ट्रीय शिक्षा नीति  जुलाई १९६८ में कांग्रेस की केंद्र सरकार ने लागू की | लेकिन क्रियान्वयन की पक्की योजना और पर्याप्त वित्तीय प्रबंध न होने के कारण ठीक से लागू नहीं हो पाई | फिर राजीव गाँधी की कांग्रेस सरकार ने 1986 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति बनाई , जो अब तक लागू थी | लेकिन राममूर्ति समीक्षा समिति और प्रोफसर यशपाल समिति ने इसकी कमियां गिनाई थी | इसीलिए भारत के भविष्य निर्माण के लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के. कस्तूरीरंगन की अध्यक्षता में बनाई गई थी। लगभग 34 साल  बाद 2020 में पुरानी नीतियों में  कई अहम व महत्वपूर्ण बदलाव किए गए। इसलिए भाजपा शासित राज्यों ने पिछले दो वर्षों में नई नीति को लागू करने के लिए प्रयास शुरू किए |

 अब हाल के विधान सभा चुनाव में  सत्ता में आई   कर्नाटक सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को रद्द कर राज्य की अपनी नई शिक्षा नीति तैयार करने का फैसला किया है।  मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घोषणा की कि जरुरी तैयारियों को पूरा करने के बाद एनईपी को रद्द करना होगा, जिसे इस वर्ष समय पर नहीं किया जा सका।  मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक बयान जारी कर एनईपी की निंदा की गई। इस बयान में कहा गया है, “चूंकि शिक्षा राज्य का विषय है, इसलिए केंद्र सरकार शिक्षा नीति नहीं बना सकती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को राज्य सरकारों को विश्वास में लिए बिना तैयार किया गया है। शिक्षा नीति को केंद्र सरकार द्वारा नहीं राज्यों पर नहीं थोपा जा सकता है।” उप-मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने केंद्र सरकार द्वारा लागू एनईपी-2020 को नागपुर एजुकेशन पॉलिसी करार देते हुए इसे कर्नाटक राज्य में रद्द किये जाने की घोषणा की है। उन्होंने केंद्र की शिक्षा नीति को शिक्षा का भगवाकरण करार देते हुए, हिंदुत्व की विचारधारा को प्रचारित-प्रसारित करने का आरोप लगाया है। अपने बयान में उन्होंने कहा, “शिक्षा राज्य के दायरे में आती है। हम न्यू कर्नाटक एजुकेशन पालिसी की रुपरेखा को पेश करने जा रहे हैं। ‘

 कर्नाटक  की इस पहल का केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मुखर विरोध किया । अपने बयान में उन्होंने इसे कर्नाटक के छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करना बताया है। केंद्र की नई शिक्षा नीति का पक्षपोषण करते हुए उनका कहना था कि कांग्रेस को एनईपी के लाभों के बारे में जानकारी नहीं है।  शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने उप-मुख्यमंत्री के बयान की तीखी आलोचना करते हुए एनईपी को राजनीतिक दस्तावेज की जगह विजन डॉक्यूमेंट करार दिया है। उनका कहना है कि इसे देश के अग्रणी शिक्षाविदों द्वारा तैयार किया गया है।  एनईपी 2020 को सबसे पहले लागू करने वाला प्रदेश कर्नाटक ही था, लेकिन 2023 के अंत के साथ कर्नाटक से इसकी विदाई तय हो गई । इसके साथ ही एनईपी के तहत 4 वर्ष के स्नातक कार्यक्रम को भी रद्द कर 3 वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम को लागू किये जाने की बात कही जा रही है।धर्मेन्द्र प्रधान ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सवाल किये हैं, “क्या वे कर्नाटक के युवाओं को अकादमिक क्रेडिट हासिल नहीं कराना चाहते हैं? के छात्रों के लिए अकादमिक क्रेडिट बैंक नहीं होना चाहिए? क्या राज्य सरकार उच्च शैक्षिणक संस्थानों में विभिन्न प्रवेश एवं बहिर्गमन के विकल्पों को नहीं मुहैया कराना चाहते हैं, जिसका देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों ने स्वागत किया है? क्या राज्य सरकार 21वीं सदी के लिए जरुरी नई पाठ्यपुस्तकों को राज्य के विद्यार्थियों के लिए आवश्यक नहीं मानते, जिसमें विज्ञान, भाषा, खेल, सामाजिक विज्ञान और कला को समान जोर दिया गया है? आप देश के युवाओं को किस प्रकार का संदेश देना चाहते हैं।”

 बेंगलुरु में पीपुल्स फोरम फॉर कर्नाटक एजुकेशन के बैनर तले एक सम्मेलन का आयोजन कर एनईपी को खत्म किये जाने और इसके स्थान पर राज्य शिक्षा नीति (एसईपी) से बदलने के कांग्रेस के फैसले का विरोध भी तेज हो गया है। भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने प्रस्तावित शिक्षा नीति को सोनिया गांधी एजुकेशन पॉलिसी करार दिया है। इस सम्मेलन में पूर्व उपकुलपतियों में बी थिम्मे गौड़ा, मल्लेपुरम जी वेंकटेश, के आर वेणुगोपाल सहित मीना चंदावरकर ने भाग लेकर भाजपा के नेताओं के साथ मंच साझा किया।ऐसा जान पड़ता है कि केंद्र सरकार और भाजपा नई शिक्षा नीति के मुद्दे पर कर्नाटक सरकार से दो-दो हाथ करने के मूड में है।

इसी तरह   तमिलनाडु में  नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का विरोध जारी है। शिक्षा नीति 2020 में तीन भाषा का प्रावधान होना इसकी मुख्य वजह बताई जाती है। तमिलनाड़ु सरकार राज्य में दो भाषा (तमिल और अंग्रेजी) की नीति लेकर चलना चाहती है। बिहार के शिक्षामंत्री प्रोफेसर चंद्रशेखर ने भी शिक्षा नीति के विरोध में  बयान दिया , लेकिन तर्क यह दिया कि  प्रो.  राज्य में अभी इंफ्रास्ट्राक्चर की कमी है और कई तरह की दिक्कतें है,  इसलिए नई शिक्षा नीति को लागू नहीं किया जा सकता |

 केंद्र सरकार ने साल 2020 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP) को मंजूरी दी थी। इस दौरान मानव संसाधन विकास मंत्रालय का नाम बदलकर शिक्षा मंत्रालय कर दिया था। इस नीति में सभी उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए एक ही नियामक रखने और एमफिल को खत्म करने का फैसला किया गया था। डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी मंच (NETF) बनाने की भी योजना तैयार की गई थी।

 दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस सहित प्रतिपक्षी दलों के नए गठबंधन की प्रमुख नेता ममता बनर्जी की पश्चिम बंगाल सरकार ने  विश्वविद्यालयों को आगामी शैक्षणिक सत्र से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम को लागू करने का निर्णय मार्च से कर रखा है  |बंगाल में 20 सरकारी विश्वविद्यालय हैं जो सामान्य डिग्री प्रदान करते हैं। इन 20 विश्वविद्यालयों के अंतर्गत 49 सरकारी और 433 सरकारी सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेज हैं। इसके अलावा, 11 निजी विश्वविद्यालय हैं जो डिग्री पाठ्यक्रम प्रदान करते हैं।

 शिक्षा संविधान की समवर्ती सूची का विषय है, जो राज्य सरकार को केंद्रीय नीतियों के कार्यान्वयन पर अपनी राय रखने का अवसर देती है, ममता बनर्जी ने एनईपी की जांच के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया। विशेषज्ञ समिति ने मौजूदा संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग या अतिरिक्त संसाधनों के स्व-संघटन, अतिरिक्त वित्तीय सहायता की प्राप्ति के माध्यम से कार्यान्वयन की सिफारिश की है।

  विरोधी पार्टयों के नेता इस तथ्य पर ध्यान नहीं देते किनई शिक्षा नीति किसी पार्टी ने नहीं बनाई | लगभग ढाई लाख लोगों की राय , शिक्षाविदों के गहन विचार विमर्श के बाद मोदी सरकार द्वारा    शिक्षा नीति घोषित की  गई | मातृभाषा , भारतीय भाषाओँ को सही ढंग से शिक्षा का आधार बनाने और शिक्षा को जीवोपार्जन की दृष्टि से उपयोगी बनाने के लिए नई नीति में सर्वाधिक महत्व दिया गया है | केवल  अंकों के आधार पर आगे बढ़ने की होड़ के बजाय सर्वांगीण विकास से नई पीढ़ी का भविष्य तय करने की व्यवस्था की गई है | संस्कृत और भारतीय भाषाओँ के ज्ञान से सही अर्थों में जाति , धर्म , क्षेत्रीयता से ऊँचा उठकर समूर्ण मानव समाज के उत्थान के लिए भावी पीढ़ी को जोड़ा जा सकेगा | अंग्रेजी और विश्व की अन्य भाषाओँ को भी सीखने , उसका लाभ देश दुनिया को देने पर किसीको आपत्ति नहीं हो सकती | बचपन से अपनी मातृभाषा और भारतीय भाषाओँ के साथ जुड़ने से राष्ट्रीय एकता और आत्म निर्भर होने की भावना प्रबल हो सकेगी | प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर को अनुच्छेद 370 से मुक्त करने के बाद यह सबसे बड़ा क्रांतिकारी निर्णय किया है |

महात्मा गांधी  ने कहा था, “सच्ची शिक्षा वह है, जो बालकों के आध्यात्मिक, बौद्धिक तथा शारीरिक विकास हेतु प्रेरित करती है। उसे संपूर्ण बनाने का प्रयास करती है।” इसी तरह पूर्व राष्ट्रपति तथा महान शिक्षाविद  डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने कहा था, “शिक्षा केवल आजीविका प्राप्त करने का साधन नहीं है, न ही यह नागरिकों को शिक्षित करने का अभिकरण है, न ही यह प्रारंभिक विचार है। यह जीवन में आत्मा का आरंभ है, सत्य तथा कर्तव्यपालन हेतु मानवीय आत्मा का प्रशिक्षण है। यह दूसरा जन्म है, जिसे दिव्यात्म जन्म कहा जा सकता है।”

   नई शिक्षा नीति में महत्वपूर्ण यह भी है कि स्कूली व उच्च शिक्षा के व्यवसायीकरण को रोकने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं स्थापित की जाएंगी। विभिन्न संस्थानों की अधिकतम फीस तय करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि निजी संस्थान अपनी मनमानी न कर सकें। स्कूल शिक्षा के लिए एक नया और व्यापक राष्ट्रीय पाठ्यक्रम एन.सी.एफ.एस.ई. और एन.सी.ई.आर.टी. द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति  के सिद्धांतों, अग्रणी पाठ्यचर्या आवश्यकताओं के आधार पर राज्य सरकारों, मंत्रालयों, केंद्र सरकार और संबंधित विभागों और अन्य विशेषज्ञ निकायों सहित सभी हितधारकों के साथ परामर्श करके तैयार किया जाएगा और इसे सभी क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा। 5 से 10 वर्ष में इस पाठ्यक्रम की समीक्षा एवं अद्यतनीकरण भी किया जाएगा। आज राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय  आवश्यकताओं और चुनौतियों को देखते हुए परंपरागत ज्ञान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजाइन थिंकिंग, हॉलिस्टिक हेल्थ, ऑर्गेनिक लिविंग, पर्यावरण शिक्षा, वैश्विक नागरिकता शिक्षा तथा डिजिटल शिक्षा जैसे विविध आयामों से छात्रों का परिचय अनिवार्य है, इसलिए छात्रों के फाउंडेशन या बुनियादी स्तर से ही इन सब की शिक्षा पर जोर दिया गया है।

भारत ही नहीं ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों में भी सत्ता की राजनीति में नेशनल हेल्थ सर्विस , सस्ती शिक्षा प्रमुख मुद्दे बने हुए हैं | ब्रिटेन में  भारत के मुकाबले बहुत कम आबादी के बावजूद   60 हजार बच्चों को सरकारी स्कूलों में जगह नहीं मिल सकी | आधिकारिक जानकारी के अनुसार स्थिति में सुधार नहीं होने पर 2024 में 1 लाख 20 हजार बच्चों को सरकारी स्कूलों में जगह नहीं मिल सकेगी | प्राइवेट स्कूल वहां बहुत मंहगे हैं और सामान्य परिवार वह खर्च नहीं उठा सकते हैं | आपको यह जानकर आश्चर्य हो सकता है कि  बच्चे के जन्म से पहले उसके  स्कूल में प्रवेश के लिए पंजीकरण करा लिए जाते हैं | सरकारी या प्राइवेट स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था में प्रबंधन की गड़बड़ी , अपर्याप्त स्टाफ , सेकंडरी में प्रवेश की समस्याओं पर रिपोर्ट जारी हुई हैं | इस दृष्टि से भारत में जातिगत , सांप्रदायिक  या घिसे पिटे कागजी सिद्धांतों – नारों से  हटकर जनता के वर्तमान और भविष्य के  असली मुद्धों को केंद्र में लाना आवश्यक है | उचित शिक्षा और अच्छे स्वास्थ्य  के बिना क्या कोई रोजगार मिलना देना – खेती या व्यापार संभव है ? बहरहाल प्रधान मंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग  इंडिया ( पी एम् श्री ) योजना के तहत 14597 सरकारी स्कूलों को आदर्श सरकारी स्कूल के रुप में विकसित करने के लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान स्वागत योग्य है | यह पहल पांच वर्षों में एक नई दिशा दे सकती है | |

Author profile
ALOK MEHTA
आलोक मेहता

आलोक मेहता एक भारतीय पत्रकार, टीवी प्रसारक और लेखक हैं। 2009 में, उन्हें भारत सरकार से पद्म श्री का नागरिक सम्मान मिला। मेहताजी के काम ने हमेशा सामाजिक कल्याण के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया है।

7  सितम्बर 1952  को मध्यप्रदेश के उज्जैन में जन्में आलोक मेहता का पत्रकारिता में सक्रिय रहने का यह पांचवां दशक है। नई दूनिया, हिंदुस्तान समाचार, साप्ताहिक हिंदुस्तान, दिनमान में राजनितिक संवाददाता के रूप में कार्य करने के बाद  वौइस् ऑफ़ जर्मनी, कोलोन में रहे। भारत लौटकर  नवभारत टाइम्स, , दैनिक भास्कर, दैनिक हिंदुस्तान, आउटलुक साप्ताहिक व नै दुनिया में संपादक रहे ।

भारत सरकार के राष्ट्रीय एकता परिषद् के सदस्य, एडिटर गिल्ड ऑफ़ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष व महासचिव, रेडियो तथा टीवी चैनलों पर नियमित कार्यक्रमों का प्रसारण किया। लगभग 40 देशों की यात्रायें, अनेक प्रधानमंत्रियों, राष्ट्राध्यक्षों व नेताओं से भेंटवार्ताएं की ।

प्रमुख पुस्तकों में"Naman Narmada- Obeisance to Narmada [2], Social Reforms In India , कलम के सेनापति [3], "पत्रकारिता की लक्ष्मण रेखा" (2000), [4] Indian Journalism Keeping it clean [5], सफर सुहाना दुनिया का [6], चिड़िया फिर नहीं चहकी (कहानी संग्रह), Bird did not Sing Yet Again (छोटी कहानियों का संग्रह), भारत के राष्ट्रपति (राजेंद्र प्रसाद से प्रतिभा पाटिल तक), नामी चेहरे यादगार मुलाकातें ( Interviews of Prominent personalities), तब और अब, [7] स्मृतियाँ ही स्मृतियाँ (TRAVELOGUES OF INDIA AND EUROPE), [8]चरित्र और चेहरे, आस्था का आँगन, सिंहासन का न्याय, आधुनिक भारत : परम्परा और भविष्य इनकी बहुचर्चित पुस्तकें हैं | उनके पुरस्कारों में पदम श्री, विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा डी.लिट, भारतेन्दु हरिश्चंद्र पुरस्कार, गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार, पत्रकारिता भूषण पुरस्कार, हल्दीघाटी सम्मान,  राष्ट्रीय सद्भावना पुरस्कार, राष्ट्रीय तुलसी पुरस्कार, इंदिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार आदि शामिल हैं ।