आरजीपीवी में अटके डेढ लाख विद्यार्थियों के रिजल्ट,10 हजार विद्यार्थी पात्रता हासिल करने कर रहे इंतजार

35

आरजीपीवी में अटके डेढ लाख विद्यार्थियों के रिजल्ट,10 हजार विद्यार्थी पात्रता हासिल करने कर रहे इंतजार

भोपाल: राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में प्रथम से लेकर तीसरे वर्ष के करीब डेढ लाख विद्यार्थियों के रिजल्ट जारी नहीं किए हैं। इससे एकेडमिक कैलेंडर प्रभावित हो रहा है।

एकेडमिक कैलेंडर के मुताबिक 21 अप्रैल से चौथे वर्ष की परीक्षाएं शुरु होना हैं, लेकिन अभी तक आरजीपीवी परीक्षाओं का टाइम टेबिल तक जारी नहीं कर पाया है। इससे विद्यार्थियों की परीक्षाओं में विलंब होने के साथ उनके आगामी सत्र की पढाई भी प्रभावित होगी।

परीक्षा नियंत्रक राघवेद्र सिंह का कहना है कि आगामी सप्ताह से रिजल्ट आना शुरु हो जाएंगे और दस मई से परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।

पात्रता में अटके दस हजार विद्यार्थी

चौथे वर्ष की परीक्षा देने के लिए विद्यार्थियों के प्रथम से लेकर सातवें सेमेस्टर तक के सभी पेपर पास होना अनिवार्य है। मौजूदा स्थिति में करीब दस हजार विद्यार्थियों के पेपर बैक बने हुए हैं। आरजीपीवी उक्त सभी सेमेस्टर के रिजल्ट जारी नहीं रकता है, तो विद्यार्थी अंतिम वर्ष के आठवें सेमेस्टर की परीक्षा में शामिल होने की पात्रता हासिल नहीं कर पाएगा। इसलिए आरजीपीवी को आठवें सेमेस्टर की परीक्षाओं के फार्म खोलने के पहले सभी सेमेस्टर के रिजल्ट जारी करना होंगे।

रजिस्ट्रार भी नहीं दे रहे समय

तकनीकी शिक्षा विभाग ने आयुक्त अवधेश शर्मा को रजिस्ट्रार का प्रभार हुआ है। वहीं राघवेंद्र सिंह को परीक्षा नियंत्रक नियुक्त हुआ है।

रिजल्ट से संबंधित कई शिकायतें रजिस्ट्रार शर्मा के पास पहुंच गई हैं, लेकिन वे आरजीपीवी को समय नहीं दे रहे हैं, जिसके कारण सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतें बढ़ रही हैं। इसी तरह परीक्षा नियंत्रक सिंह मूल्यांकन नहीं करा पा रहे हैं, जिसके कारण रिजल्ट रुके हुए हैं।

जनगणना में लगा दिए कर्मचारी

आरजीपीवी का अधिकतर स्टाफ जनगणना में लगा दिया गया है। इससे अब परीक्षा का कार्य और प्रभावित होगा। परीक्षा नियंत्रक सिंह ने भी समय रहते परीक्षा और मूल्यांकन से संबंधित कर्मचारी और अधिकारियों को हटाकर दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है। इससे मूल्यांकन समय पर नहीं हो सका है।