Scorching Heat in Indore : इंदौर में पारा 44.5 डिग्री, 8 साल बाद फिर वहीं पहुंचा, आगे भी 5 दिन राहत नहीं!

जानिए, आने वाले दिनों में गर्मी और कितनी बढ़ेगी!

283

Scorching Heat in Indore : इंदौर में पारा 44.5 डिग्री, 8 साल बाद फिर वहीं पहुंचा, आगे भी 5 दिन राहत नहीं!

Indore : शहर और आसपास इस साल गर्मी अपने पिछले रिकॉर्ड तोड़ रही है। 8 साल बाद गुरुवार को इंदौर में तापमान 44.5 डिग्री दर्ज किया गया। अगले एक सप्ताह हीट वेव (लू)/चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इस गर्मी का कारण पश्चिम विक्षोभ का सही तरीके से सक्रिय नहीं होना बताया गया।

IMG 20240524 WA0024

गुरुवार को इंदौर में इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान रहा। दिन का तापमान 44.5 डिग्री पहुंच गया, जो 19 मई 2016 के बराबर रहा। लगातार 5 दिन से पारा 42 डिग्री के पार चल रहा है। जबकि, पिछले 10 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ। रात का तापमान 29 से 30 डिग्री दर्ज हुआ। गर्मी के तपन इतनी ज्यादा है कि घरों से निकलने वालों को धूप और तपन से बचने के लिए दुपट्टे और तौलिये का सहारा लेना पड़ रहा है। जबकि, अभी तक यह बुंदेलखंड में ही देखा जाता रहा।

इंदौर के पूर्वी इलाके में मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार,लगातार 5 दिन से तापमान 42 पार है। 10 साल में यह पहला मौका है। लगातार 5 दिन से (19 से 23 मई तक) अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री के बीच दर्ज हुआ। 19-20 मई को 43.1 डिग्री, 21 को 42.8 डिग्री, जबकि बुधवार को 43.4 डिग्री पहुंच गया। गुरुवार को 44.5 का रिकॉर्ड आंकड़ा छू लिया।

नौतपा में भी गर्मी का कहर बरसेगा
शनिवार 25 मई से नौतपा शुरू होने जा रहा है। अनुमान के मुताबिक, यह भी खूब तपेगा और हीट वेव चलेगी। मौसम विभाग ने इसका अलर्ट भी जारी कर दिया। हीट वेव का असर 28 मई तक होगा। उसके बाद मौसम में सुधार होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों (आज से रविवार तक) में इंदौर का तापमान 45 डिग्री या उससे पार भी जा सकता है। यदि ऐसा हुआ तो मई 2024 इस दशक का सबसे गर्म महीने के रूप में दर्ज होगा।

IMG 20240524 WA0025

28 मई तक लू चलने का अंदेशा
अगले दो दिन में उत्तरी-पश्चिमी हिस्से में गर्म हवाएं चलेंगी। 28 मई तक हीट वेव चलने का अंदेशा है। मौसम विभाग के अनुसार अभी एक चक्रवाती घेरा सक्रिय है। इसके साथ ही एक वेस्टर्न और टर्फ लाइन गुजर रही है। इस वजह से अगले 24 घंटे में पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों में धूल भरी हवाएं भी चलेंगी।

इंदौर में गर्मी का रिकॉर्ड
इंदौर में मई में तापमान 46 डिग्री तक दर्ज हुआ था, यह रिकॉर्ड 31 मई 1994 को दर्ज किया गया था। पिछले साल 2023 मई में अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज किया गया था। यह इस बार की गर्मी तोड़ चुकी है। यदि इस बार पारा 44.5 पार गया तो कई सालों को रिकॉर्ड टूटेगा जिसकी प्रबल संभावना जताई गई है।