श्री महाकाल का 250 क्विंटल लड्डुओं का प्रसाद श्री राम भक्तों के लिए जाएगा अयोध्या,राम लला को लगेगा महाकाल के लड्डुओं का भोग

451

श्री महाकाल का 250 क्विंटल लड्डुओं का प्रसाद श्री राम भक्तों के लिए जाएगा अयोध्या,राम लला को लगेगा महाकाल के लड्डुओं का भोग

उज्जैन से मुकेश भीष्म की रिपोर्ट

उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन से 5 लाख लड्डू भगवान राम की नगरी अयोध्या भेजे जाएंगे। 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह में रामलला को महाकाल मंदिर के लड्डुओं का भोग लगेगा। भक्तों को प्रसाद के रूप में लड्डू बांटे जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देश पर विश्व प्रसिद्ध बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक दक्षिणमुखी श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के द्वारा चिंतामन स्थित लड्डू प्रसाद निर्माण इकाई के द्वारा शुद्ध देशी घी एवं सूखे मेवे से निर्मित 250 क्विंटल से बनाये जाने वाले पांच लाख लड्डू अयोध्या में नवनिर्मित भगवान श्री राम के मन्दिर के शुभारम्भ अवसर पर नि:शुल्क भेजे जायेंगे।शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसकी घोषणा की।इसके बाद उज्जैन में महाकाल मंदिर की चिंतामन यूनिट पर लड्डू बनाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। यहां 250 क्विंटल लड्‌डू की प्रसाद के लिये तैयार किये जा रहे है। जिसकी लागत करीब एक करोड़ रुपए आएगी।

IMG 20240113 WA0031

उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने चिंतामन स्थित लड्डू प्रसाद निर्माण इकाई का निरीक्षण कर निर्मित हो रहे लड्डू प्रसाद की तैयारियों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को मन्दिर प्रबंध समिति के प्रशासक संदीप सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि पांच लाख लड्डू बनाये जाने पर 80 क्विंटल घी, 90 क्विंटल शकर, चना दाल 70 क्विंटल, रवा 20 क्विंटल, काजू 10 क्विंटल, किशमिश 5 क्विंटल और एक क्विंटल इलायची से लड्डू प्रसाद निर्मित किये जा रहे हैं। इस कार्य में मन्दिर समिति के 80 कर्मचारियों के द्वारा लड्डू प्रसाद का निर्माण किया जा रहा है।

IMG 20240113 WA0030

उज्जैन कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर 5 लाख लड्डू श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अयोध्या भेजे जाएंगे। इनको तैयार करने में करीब 5 दिन लगेंगे। लड्डुओं को अयोध्या ट्रकों के माध्यम से पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। 21 जनवरी तक लड्डू अयोध्या पहुंच जाएंगे।

महाकाल मंदिर के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि एक लड्डू का वजन 50 ग्राम होगा। इन्हें अलग-अलग डिब्बों में पैक किया जाएगा। इसके लिए रोजाना करीब 100 लोग अतिरिक्त काम पर लगे है।