
नीट परीक्षा देकर लौटी ही नहीं छात्रा, इंदौर से लापता अभ्यर्थी का खरगोन में मिला शव; नर्मदा में कूदकर जान देने की आशंका!
खरगोन। इंदौर से लापता एक नीट (NEET-UG) अभ्यर्थी का शव खरगोन जिले में मिलने से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच में नर्मदा नदी में कूदकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
कऱही के थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले ने बताया कि मृतका की पहचान उसके परिजनों ने आज सुबह इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र के तलावली चांदा निवासी निक्की यादव के रूप में की है। निक्की रविवार को अपने छोटे भाई शिवम के साथ नीट-यूजी परीक्षा देने गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद उसने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से घर पर कॉल कर परिजनों को बताया था कि उसका मोबाइल डिस्चार्ज हो गया है और वह कुछ देर में घर पहुंच जाएगी। इसके बाद उसका परिवार से संपर्क टूट गया।
रविवार देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन लसूड़िया थाने पहुंचे, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर सोमवार सुबह भंवरकुआं थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई। पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन तथा अन्य जानकारियों के आधार पर उसकी अंतिम लोकेशन खरगोन जिले के बड़वाह क्षेत्र में मिलने के संकेत मिले।
इसी दौरान खरगोन जिले के करही थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर नर्मदा नदी के पास एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। विभिन्न थानों में पहुंचाये गए फोटो की सूचना पर परिजन भंवर कुवा थाने पर पहुंचे और शव की पहचान निक्की यादव के रूप में की।
राजेंद्र इंगले ने बताया कि सोमवार देर रात 12:00 बजे परिजन महेश्वर पहुंचे और मंगलवार सुबह उन्होंने पुष्टि की की यह निक्की यादव ही है।
मृतका के पिता रामानंद यादव, जो पेशे से अकाउंटेंट हैं, ने बताया कि निक्की डॉक्टर बनना चाहती थी और यह उसका तीसरा प्रयास था। परिवार को उसकी सफलता की पूरी उम्मीद थी। उसके अचानक इस तरह लापता होने और फिर शव मिलने की घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस अब छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया गतिविधियों और परीक्षा के बाद उसकी आवाजाही की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किन लोगों के संपर्क में थी और इंदौर से खरगोन कैसे पहुंची। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।





