पत्नी से संबंधों के शक में युवक पर छुरी से जान लेवा हमला

आरोपी युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज

499

पत्नी से संबंधों के शक में युवक पर छुरी से जान लेवा हमला

भोपाल। ऐशबाग थाना क्षेत्र में एक युवक ने दोस्त से बात कर रहे एक अन्य युवक के हाथ व पेट पर धारदार छुरी से जान लेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर बीती रात उसका आॅपरेशन किया गया। आरोपी को शक था कि युवक का उसकी पत्नी से गलत संबंध हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

एसआई अभिमन्यू सिंह ने बताया कि सुदामा नगर निवासी चांद मिंया पुत्र इलयास मियां(40)चाऊमीन का ठेला लगाता है। कल शाम वह ठेले पर था। तभी सुदाम नगर में रहने वाला उसका दोस्त आसिफ(35) भी वहां पहुंच गया। शाम करीब पांच बजे दोनों दोस्त आपस में बातें कर रहे थे। इसी दौरान सुदामा नगर निवासी इमरान वहां पहुंचा और आसिफ के साथ गाली-गलौच करने लगा। इमरान ने उससे कहा कि मेने तुझे पहले भी समझाया था, ऐसा कुछ मत करना।

लेकिन तू नहीं माना। इतना कहते ही इमरान ने अपने साथ लाई छुरी से आसिफ पर हमला कर दिया। छुरी के हमले से आफिस के हाथ और पेट में गंभीर चोट आई। हमले में घायल युवक को तुरंत हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर जान बचाने के लिए उसका आॅपरेशन किया गया। पुलिस को प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी इमरान को शक है कि उसकी पत्नी और घायल आसिफ के बीच गलत संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों में एक साल पहले भी विवाद हुआ था। आरोपी शराब पीने का आदी है। पुलिस ने घायल के दोस्त चांद मियां की शिकायत पर आरोपी इमरान के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।