
बाइक और बस की टक्कर में किशोर की मौत, परिजनों ने किया चक्का जाम, लिखित आश्वासन के बाद खुला जाम, 2 घंटे तक बाधित रहा यातायात
छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में नौगांव थाना क्षेत्र के मऊ सहानिया में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय आकाश अहिरवार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार आकाश की राधे स्वामी बस से जोरदार टक्कर हो गई, जिसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रविवार सुबह करीब 9 बजे शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संजय राय ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए एसडीओपी अमित मेश्राम भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की।
अंततः प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और जाम को समाप्त किया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ ।
बाईट- अमित मेश्राम (एसडीओपी, नौगांव)





