युवक की बादाम मुहिम रंग लाई, हटाए गए EE और वरिष्ठ सहायक

82

युवक की बादाम मुहिम रंग लाई, हटाए गए EE और वरिष्ठ सहायक

विनोद काशिव की रिपोर्ट

बिलासपुर। हाउसिंग बोर्ड के कामकाज की पोल खोलते बादाम प्रकरण का पटाक्षेप होता नजर आ रहा है। बोर्ड के कमिश्नर ने एक आदेश जारी कर प्रभारी संपदा अधिकारी EE एल.पी. बंजारे और वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे को कार्यालय से हटाते हुए रायपुर मुख्यालय अटैच कर दिया है।
आयुक्त ने आदेश जारी कर युवक के नामांतरण संबंधी काम को नियमानुसार पूरा करने का निर्देश दिया है।दरअसल एक युवक बीते सालभर से नामांतरण के लिए दफ्तर के चक्कर काट रहा है। यहां पदस्थ मैडम द्वारा बार-बार उसे फाइल गुमने की बात कहकर घुमाया जा रहा था। मैडम की याददाश्त ताजा करने के लिए युवक ने तरीका खोजा और बादाम का पैकेट टेबल पर बिखेरते हुए कहा कि शायद बादाम खाने से याददाश्त ताजी हो जाए और फाइल मिल जाए। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी से वायरल हुआ और सरकारी कामकाज की काफी आलोचना हुई।
बताया जाता है कि जैसे ही यह मामला सुर्खियां बना, विभाग के कर्मियों ने आनन-फानन में छुट्टी के दिन ही युवक की फाइल खोज डाली। इधर मामले को संज्ञान में लेते हुए कमिश्नर ने जांच का निर्देश दिया। जांच रिपोर्ट के बाद अफसरों को हटाने की कार्रवाई की गई।