Ujjain MP News: देश की पहली मल्लखंब अकादमी का उज्जैन में होगा निर्माण

जिला प्रशासन ने 1.7 हेक्टर जमीन का किया आवंटन

1213
Ujjain MP News: देश की पहली मल्लखंब अकादमी का उज्जैन में होगा निर्माण

उज्जैन से सुदर्शन सोनी की रिपोर्ट

उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा के अनुसार देश की पहली मल्लखंब अकादेमी के लिए उज्जैन जिला प्रशासन ने भूमि आवंटित कर दी है। इस निर्णय से मल्लखंब से जुड़े खिलाड़ियों में प्रसन्नता का माहौल हैं।

जानकारी देते हुए में मध्यप्रदेश मल्लखंब एसोसियेशन के अध्यक्ष एवं उज्जैन नगर निगम के पूर्व सभापति सोनू गेहलोत ने बताया कि मल्लखंब मध्यप्रदेश का राजकीय खेल हैं और राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी यहां से निकल रहे हैं। विगत वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने उज्जैन में मल्लखंब अकादेमी प्रारंभ करने की घोषणा की थी। तभी से भूमि की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में विगत वर्ष मप्र मलखंभ एसोसियेशन के पदाधिकारियों ने जगह का चिन्हांकन किया और गत दिवस मल्लखंब अकादेमी के लिए भूमि जिला कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा खेल विभाग को आवंटित कर दी गई।

श्री गहलोत ने बताया कि यह भूमि उज्जैन में कानीपुरा रोड पर वार्ड क्रमांक ४ के अंतर्गत प्रजापति नगर के समीप नगरनिगम द्वारा बनाई जा रही मल्टी के समीप स्थित हैं और इसका रकबा १.७ हेक्टेयर हैं। इस स्थान पर लगभग ५ करोड़ रुपए की लागत से मल्लखंब अकादेमी बनना प्रस्तावित हैं। इसमें हाल, क्लास रूम, कमरे, मेस, कॉन्फ्रेंस हाल, सहित खेल मैदान बनेगा। पुराने नगर क्षेत्र के लिए भी यह बहुत उपयोगी रहेंगी।

अकादेमी खुल जाने के बाद चयनित खिलाड़ी यहां प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। भूमि आवंटित होने के बाद अब खेल विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। इस उपलब्धि पर मलखंभ के पदाधिकारी और अन्य खिलाड़ियों ने वहां पहुंचकर प्रसन्नता व्यक्त की और एक दूसरे को मिठाई खिलाई तथा मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा, खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मलखंभ फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष किशोरी शरण श्रीवास्तव, द्रोणाचार्य अवॉर्डी योगेश मालवीय, एसोसिएशन के सह सचिव दिलीप जैन, लीलाधर कहार, खेल विभाग के कोच मोहन लाल धाकड़, राहुल बरोड़, दीपक सांखला, समाजसेवी प्रशांत शर्मा सहित मल्लखंब के अन्य कई खिलाड़ी उपस्थित रहें।