संघर्ष की जीत: मिट्टी के बर्तन बनाने वाले की बेटी ने रचा इतिहास, प्रदेश की मेरिट सूची में बनाई जगह

71

संघर्ष की जीत: मिट्टी के बर्तन बनाने वाले की बेटी ने रचा इतिहास, प्रदेश की मेरिट सूची में बनाई जगह

बड़वानी : बड़वानी की मिट्टी की सौंधी ‘महक’ पूरे प्रदेश में महसूस हो रही है ।मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) द्वारा घोषित 10वीं के परीक्षा परिणामों में बड़वानी जिले के अंजड़ की रहने वाली छात्रा महक गोले ने अपनी कड़ी मेहनत से न केवल जिले का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे प्रदेश की टॉप-10 सूची में जगह बनाई है।

अंजड़ की छात्रा महक गोले को 10वीं की परीक्षा में 494/500 अंक हासिल कर प्रदेश स्तर की मेरिट सूची में महक को छठवीं रैंक मिली है।

जाहिर है, 98.8% के साथ उसने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

महक के पिता, बलीराम गोले कुम्हार समाज से हैं और मटके बनाने का कार्य करते हैं। एक साधारण परिवार से आने वाली महक की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। महक अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के कठिन संघर्ष और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन को देती हैं।

WhatsApp Image 2026 04 16 at 21.01.04

अपनी सफलता से उत्साहित महक ने बताया कि उनका सपना देश की सेवा करना है। वह IIT के माध्यम से इंजीनियर बनने के बाद भविष्य में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर एक IAS अधिकारी बनना चाहती हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अपने पिता को दिन-रात मेहनत करते देख उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

बलीराम के परिवार में तीन बेटियां हैं, जिनमें महक और उनकी जुड़वां बहन पल्लवी ने इस वर्ष 10वीं की परीक्षा दी। पल्लवी ने भी 92.8 प्रतिशत अंक हासिल किए।

परिणाम घोषित होते ही स्कूल स्टाफ और स्थानीय नागरिकों ने महक को मिठाई खिलाकर बधाई दी। स्कूल प्रबंधन ने इसे इस सत्र की सबसे बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि बताया है। महक के पिता बलीराम गोले ने गर्व के साथ कहा कि वह तीनों अपनी बेटियों की शिक्षा के लिए निरंतर अपना सहयोग जारी रखेंगे ताकि वे अपने सपनों को पूरा कर सकें।