18 Sep तक MP सहित 13 राज्यों में भारी बारिश का Red Alert

656

Bhopal: मौसम विभाग ने 18 सितंबर तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा के समुद्री तट पर पैदा हुए डिप्रेशन (Depression At Odisha Coast) की वजह से 13 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। कोंकण, उत्तरी-मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में अगले 3-4 दिनों में तेज बारिश होने का अनुमान है। लो प्रेशर की वजह से डिप्रेशन उत्तरी-पूर्वी मध्य प्रदेश से होते हुए उत्तर पश्चिम भारत की तरफ बढ़ रहा है।

आने वाले 3 दिनों में भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्यप्रदेश समेत ओडिशा, छत्तीसगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अनुमान जताया है। कई जगह बाढ़ जैसे हालात की भी चेतावनी दी है। कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी अगले 2 दिन तक बारिश हो सकती है। उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में भी 18 सितंबर तक अच्छी बारिश होगी। इस हफ्ते की शुरुआत में IMD ने ओडिशा के कुछ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही सेंट्रल वाटर कमीशन (CWC) ने भी अलर्ट जारी किया। उन्होंने कहा है कि बारिश की वजह से नदियों का जल स्तर बढ़ सकता है। इसलिए नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जाए।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पांच राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक 18 सितंबर तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान और गुजरात में तेज बारिश की संभावना है। यह सिलसिला 17 और 18 सितंबर तक जारी रह सकती है। 18 सितंबर से पूर्वी भारत में फिर से भारी बारिश की संभावना है। IMD ने कहा कि 17 सितंबर तक गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।

कहां कितनी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ीं। अधिक वर्षा वाले 10 शहरों की सूची में सबसे ऊपर रहा छत्तीसगढ़ में पेंड्रा रोड जहां 183 मिमी की भारी बारिश दर्ज की गई।

गुरुवार (16 सितंबर) को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा, आईएमडी ने 17 सितंबर तक उत्तर पश्चिम भारत (जम्मू, कश्मीर और लद्दाख और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर) में काफी व्यापक वर्षा की भविष्यवाणी की है। समुद्र किनारे रहने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। 16 सितंबर को हरियाणा और 17 तथा 18 सितंबर को पश्चिमी राजस्थान में मूसलाधार बारिश हो सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही राजधानी में तेज हवाएं चलने की भी भविष्यवाणी की गई। सड़क और नाले बंद होने और बिजली आपूर्ति में रुकावट के साथ आवागमन में व्यवधान की आशंका के साथ बेहद खराब मौसम की चेतावनी के रूप में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में सितंबर का महीना रिकॉर्डतोड़ बारिश वाला साबित हो रहा है। Skymet Weather के अनुसार, दिल्ली और NCR क्षेत्र में अच्छी वर्षा होगी।