

Weather Today: हवाओं का चक्र एक बार फिर बदला,मुंबई और गुजरात में आज भारी बारिश,MP में छुटपुट वर्षा, भारी बारिश की संभावना 3 दिन बाद!
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
महाराष्ट्र के पश्चिमी भाग में आज भारी बारिश की संभावना है। यहां बादल मध्य प्रदेश से उतरकर महाराष्ट्र और महाराष्ट्र से गुजरात की ओर बढ़ रहे हैं। हवाओं का चक्र एक बार फिर से बदल गया है।इससे गुजरात और राजस्थान समेत पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में आज बारिश की संभावना बन रही है।
दरअसल भारत के उत्तर – पश्चिम में हवाएं ऊंची होने से बादलों का रुख भारत के शीर्ष पर उत्तर से पूर्व की ओर हो रहा है, इससे भारत के पश्चिमी तट के बादल महाराष्ट्र से गुजरात, गुजरात से राजस्थान, राजस्थान से उत्तर भारत की ओर जाते हुए पूर्वी राज्यों से टर्न ले रहे हैं। यहां से बादल बंगाल की खाड़ी में उतरकर दक्षिणी राज्यों की तरफ मुड़ रहे हैं। इस तरह एक गोलाकार चक्र भारत में चल रहा है।
मध्य प्रदेश में बादलों का रुख आक्रामक है। यहां बादल उत्तर पूर्व से प्रवेश कर रहे हैं जो पश्चिम में जाकर वापस उत्तर की ओर बढ़ रहे हैं। इससे शाम से रात के बीच में बादल पश्चिमी मध्य प्रदेश में बरस रहे हैं। लेकिन भारी बारिश की संभावना हवाओं का रुख बदलने से अब तीन दिन बाद हो सकती है।
मध्य प्रदेश के तापमान में तेजी से गिरावट आई है। उत्तरी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से उतरकर 41 तक पहुंच गया है जो अगले 24 घंटे में ही 38 तक चल जाएगा। इंदौर में भी गिरावट आई है यहां आज 32 डिग्री तापमान हो गया जो 48 घंटे में 28 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इसी तरह रात के पारे में भी गिरावट आ रही है। इंदौर सहित पश्चिमी मध्य प्रदेश में शाम से मौसम फिर बदल सकता है, बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी से बादलों की निरंतर आवाजाही दक्षिण राज्यों की ओर चल रही है इसमें पूर्व से आ रहे हैं मानसून के बादल भी मिले हुए हैं जो दोपहर बाद दक्षिण राज्यों में अच्छी बारिश कर सकते हैं। आज उत्तर प्रदेश, बिहार के भी कई हिस्सों में बारिश की संभावना है।