
Weather Today: मुंबई में आज भारी बारिश, पश्चिमी हवाओं का मानसून में अवरोध जारी, इंदौर, भोपाल, जबलपुर संभाग में तेज वर्षा की संभावना
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
कल देर रात पश्चिमी हवाओं ने गुजरात में आगे बढ़ रहे मानसून को ब्रेक लगाया, जिसकी हवाओं से महाराष्ट्र, छग से आ रहे मानसूनी बादलों को मुड़कर गुजरात छोड़ मध्य प्रदेश से गुजरना पड़ा है। वहीं मुंबई सहित आसपास के इलाकों में बादलों के जमा होने से आज भारी बारिश होगी। हालांकि आज सुबह से पश्चिमी हवाओं का दखल कम हुआ है मगर इससे मुंबई से आगे बढ़ रहे मानसून का हल्का रुख अरब सागर की ओर भी झुका है। दोपहर बाद संभावना है मानसून फिर उड़ीसा, छग से पुनः मध्य प्रदेश की ओर चाल बढ़ाएगा।
इधर आज बंगाल की खाड़ी से मानसून तेलंगाना, आंध्रा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल में सामान्य से अधिक बारिश कर सकता है। मानसून दक्षिण राज्यों में पूरी तरह से आज असर करेगा।
कल रात को पश्चिमी विक्षोभ के बादल फिर राजस्थान दिल्ली, हरियाणा होते हुए यूपी, बिहार से उत्तर- पूर्व के राज्यों की ओर बढ़े हैं जिससे आज दिल्ली, यूपी के लखनऊ, प्रयागराज, बिहार के पटना, असम, अरुणाचल, सिक्किम, मेघालय, झारखंड, बंगाल में बारिश होगी। जबकि उत्तर पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का अंदेशा है। वहीं उत्तर भारत के हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होगी। कश्मीर में हल्की और लद्दाख के पूर्वी हिस्से में बर्फबारी होगी।
मध्य प्रदेश में आज मानसूनी बादलों से आधे हिस्से याने दक्षिण – पश्चिम और पूर्वी भाग में बारिश होगी। यहां महाराष्ट्र और छग के बादलों का मिला जुला असर रहेगा। इंदौर, भोपाल, जबलपुर संभाग में तेज वर्षा की संभावना है।
भारत के पूर्वी दिशा में फिलिपींस के समुद्र क्षेत्र में दो चक्रवात क्रमशः मेक्खला 155 km और हिगोस 55 km प्रति घंटे की रफ्तार में उत्तर – पूर्व दिशा की ओर अग्रसर हैं।





