असहनीय पीड़ादायक सायटिका क्यों होता है?

701

असहनीय पीड़ादायक सायटिका क्यों होता है?

कीर्ति कापसे की खास रिपोर्ट 

कमर से संबंधित किन्ही नसों में से अगर किसी एक में भी सूजन आ जाए तो पूरे पैर में असहनीय दर्द होने लगता है, जिसे साइटिका कहा जाता है। यह मुख्यतः 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में आम तौर पर पाया जाता है।

इसके अलावा अधिक मेहनत करने वाले या भारी वजन उठाने वाले लोगों में भी यह समस्या अधिकतर देखने को मिलती है। साइटिका का दर्द बहुत आम है। साइटिका एक नस होती है तो कुल्हे से लेकर पैर के पिछले हिस्से से होते हुए एडी तक जाती है। इसी नस में बहुत तेज और असहनीय दर्द उठता है।

साइटिका की समस्या की पहचान इसका तेज़ दर्द ही है जो नसों मे तकलीफ या सूजन का एक संकेत हो सकता है। साइटिका से पीड़ित व्यक्ति को पैर में एक तरफ तेज,चुभने वाला या बहुत पीड़ादायक दर्द हो सकता है। बहुत कम मामलों में ऐसा देखा गया है कि पीड़ित व्यक्ति के दोनों पैरों में साइटिका का दर्द महसूस हो। इसी तरह कभी दाएं पैर तो कभी बाएं पैर में भी दर्द महसूस हो सकता है।इसके अलावा साइटिका में इस तरह के दर्द भी महसूस हो सकते हैं जैसे,

खिंचाव और बिजली के शॉक जैसा महसूस होने वाला दर्द

धकधक के साथ वाला दर्द 

लगातार रहने वाला दर्द

थोड़-थोड़ी देर बाद होनेवाली हल्की तकलीफ भी सायटिका में देखी गई है

कमर, थाइज,हिप्स और पैरों में महसूस होने वाले अलग-अलग प्रकार की तकलीफ और दर्द साइटिका के लक्षण हो सकते हैं। लेकिन साइटिका में कुछ ऐसे लक्षण दिखायी दे सकते हैं जिनके लिए डॉक्टरी मदद की आवश्यकता पड़ सकती है। यूं तो साइटिका पेन एक अस्थाई दर्द है जो कभी कभी खुद भी ठीक हो जाता है या कई बार इसके लिए दवा और कुछ उपायों की आवश्यकता भी हो सकती है। साइटिका नर्व में हुई समस्या से जूझ रहे मरीजों को कमर दर्द, पैरों में सुन्नपन आ जाना या दर्द अनुभव होता है। इस दर्द की मुख्य वजह स्लिप डिस्क भी होती है। आपको बता दें कि हमारी रीढ़ की हड्डी में बहुत सी हड्डियां होती हैं और इसके आगे एक डिस्क होती है, जिसे आप किसी कुशन की तरह समझ सकते हैं। इसकी वजह से हम आसानी से कमर को मोड़ सकते हैं।

लेकिन जब यह डिस्क अपनी जगह से हिल जाती हैं तो इसके पीछे निकलने वाली नसों पर दबाव पड़ने लगता है। अब यह नस जहां तक जाती हैं वहां तक साइटिका का दर्द हो सकता है।

तो ऐसे में डॉक्टर की सलाह लेना कारगर है ।