PMJJBY में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों से ढाई करोड़ की ठगी, CID ने दर्ज की 2 लोगों पर FIR 

ग्वालियर, मुरैना, रतलाम सहित प्रदेश के अन्य जिलों में जिंदा लोगों को मृत बताकर ली बीमा राशि

30

PMJJBY में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों से ढाई करोड़ की ठगी, CID ने दर्ज की 2 लोगों पर FIR 

भोपाल: प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY)के तहत जिंदा लोगों को मृत बताकर बीमा राशि निकाली जा रही है। ग्वालियर, मुरैना, रतलाम सहित प्रदेश के अन्य जिलों में ढाई करोड़ रुपए से अधिक की ठगी सामने आई है।

गिरोह फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों पर बीमा पॉलिसी निकाल लेता था। इस मामले में सीआईडी भोपाल थाने में दो अलग-अलग FIR दर्ज कर मामलों को विवेचना में लिया गया है।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने विभिन्न बैंकों में फर्जी नामों से सैकड़ों खाते खुलवाए और इन्हीं खातों के माध्यम से बीमा पॉलिसियां ली। एक ही परिवार के कई सदस्यों का बीमा कराया गया, जबकि कई मामलों में एक ही नाम-पते पर अलग-अलग कंपनियों से बीमा लिया गया। इसके अलावा एक ही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का उपयोग कर कई बैंक में खातों में राशि प्राप्त की।

हैरानी की बात यह है कि जिन लोगों के नाम पर बीमा कराया गया, उनमें से कई को इसकी जानकारी तक नहीं थी। गिरोह ने बीमा कराने के एक माह से लेकर एक वर्ष के भीतर ही संबंधित व्यक्तियों को मृत दिखाते हुए नगरीय निकायों से कथित रूप से फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाए और बीमा कंपनियों से क्लेम हासिल कर लिया। कई मामलों में जीवित लोगों को मृत दर्शाकर उनके नाम पर रकम निकाली गई।

धोखाधड़ी की राशि को विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दूरदराज के एटीएम से निकाल लिया गया।

कुछ मामलों में खाते एक जिले में खोले गए, जबकि निकासी सैकड़ों किलोमीटर दूर राजस्थान के सवाई माधोपुर और गंगानगर में की गई। संदिग्ध खातों को फिलहाल फ्रीज कर दिया गया है। कुछ खाते रतलाम में भी खुलवाए गए थे। धनराशि की निकाली ग्वालियर और मुरैना में एटीएम से की गई थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि कई मामलों में बीमित व्यक्ति का पता एक जगह का था, जबकि मृत्यु किसी अन्य स्थान पर दर्शाई गई और वहीं से फर्जी प्रमाणपत्र जारी कराए गए। इसमें नगर निगम और नगर पालिका के कर्मचारियों की भी मिली भगत की आशंका है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसके तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को सालाना 436 रुपये प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है।