गांव -बस्ती चलो अभियान अब कल से, सीएम जबलपुर और प्रदेश अध्यक्ष भिंड-मुरैना में हो सकते हैं शामिल

66

गांव -बस्ती चलो अभियान अब कल से, सीएम जबलपुर और प्रदेश अध्यक्ष भिंड-मुरैना में हो सकते हैं शामिल

भोपाल: भाजपा का गांव -बस्ती चलो अभियान 7 अप्रैल की जगह अब 8 अप्रैल यानि बुधवार से शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भिंड एवं मुरैना जिले में इस अभियान की शुरूआत में शामिल होकर किसी गांव या बस्ती में जा सकते हैं। अब यह अभियान 12 अप्रैल को समाप्त न होकर 14 अप्रैल बाबा साहब डॉ. भीम राव अंबेडकर की जयंती तक प्रदेश में चलेगा।
इस अभियान में पहले चार बिंदुओं पर काम करना था, लेकिन अब इसमें एक और बिंदु जोड़ा गया है। जिसमें अब सभी को ग्राम एवं बस्ती स्तर पर जाकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का चित्र लगाकर उस पर माल्यार्पण करना होगा। साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के बीच विशेष संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम भी आयोजित करना होंगे। जबकि पूर्व में तय चार बिंदु जिनमें सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम, पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, समाज के विभिन्न वर्गो के बुद्धिजीवी एवं गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क एवं उनका सम्मान, केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा करना। लाभार्थियों से जनसंपर्क कर वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शामिल थे।

इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर में भागीदारी कर सकते हैं, वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बुधवार को भिंड एवं मुरैना के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी के नेताओं से चर्चा करेंगे। वे इस अभियान की शुरूआत में इन दोनों में से किसी एक जिले में शामिल हो सकते हैं।

इन लोगों को उतरना है मैदान में
पार्टी की ओर से जारी निर्देश हैं कि इस अभियान के तहत सभी सांसद, विधायक, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, सभी पार्षद, पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को आवश्यक रूप से भाग लेंगे। एक विधानसभा क्षेत्र में 50 बड़े गांवों में इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है।

दो दिन होंगे सम्मेलन
पार्टी अगले दो दिन यानि 8 एवं 9 अप्रैल को जिला कार्यालय में जिला स्तर के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। जिसमें एक वक्ता प्रदेश संगठन की ओर से भेजे जा रहे हैं, जबकि दो वक्ता जिला स्तर से जिला संगठन को तय करना है। इसमे सभी वक्ता 15-15 मिनट बोलेंगे। उनका फोकस भाजपा का संगठनात्मक विस्तार एवं चुनावी सफलता में जन समर्थन, भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा लाया गया परिवर्तन सेवा भाव, अंत्योदय, विकासोन्मुख राजनीति एवं राष्टÑ प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखना एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मादी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक कार्यो की चर्चा वक्ताओं को करना होगी।

अभियान की होगी मॉनिटरिंग
इस अभियान की मॉनिटरिंग भी की जा रही है। अभियन के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी हैं, वहीं मंत्री प्रतिभा बागरी सह संयोजक है। जबकि संभागों का प्रभार राजो मालवीय और पवन पाटीदार के पास है। इन सभी को अभियान के बाद हर जिले की रिपोर्ट बनाना होगी। जो प्रदेश अध्यक्ष तक जाएगी।