रायपुरवासियों को अब सिलेंडर के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति, अब सीधे किचन में पहुंचेगी गैस पाइपलाइन

145

रायपुरवासियों को अब सिलेंडर के चक्कर काटने से मिलेगी मुक्ति, अब सीधे किचन में पहुंचेगी गैस पाइपलाइन

विनोद काशिव की रिपोर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अब सिलेंडर के चक्कर काटने से जल्द ही मुक्ति मिलने वाली है। भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय की योजना के तहत शहर में नेचुरल गैस पाइपलाइन (PNG) बिछाने का काम बहुत जल्द शुरू होने जा रहा है।

इस अहम प्रोजेक्ट की कमान हरियाणा सिटी गैस कंपनी को सौंपी गई है, जिसकी तैयारियों को लेकर नगर निगम मुख्यालय में एक बड़ी समीक्षा बैठक हुई।

नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने साफ कर दिया है कि विकास के नाम पर जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हरियाणा सिटी गैस एजेंसी के प्रतिनिधियों को दो टूक कहा है कि काम शुरू करने से पहले निगम से अनिवार्य रूप से एनओसी (NOC) लेनी होगी और तय शुल्क जमा करना होगा।

भीषण गर्मी को देखते हुए निर्देश दिए गए हैं कि गैस पाइपलाइन बिछाते समय शहर की पेयजल सप्लाई वाली पाइपलाइन बिल्कुल भी क्षतिग्रस्त नहीं होनी चाहिए। जहां भी सड़क की खुदाई होगी, काम खत्म होते ही उसी वक्त सड़क की मरम्मत करनी होगी ताकि ट्रैफिक जाम न लगे।

सभी जोन कमिश्नरों और नगर निवेश विभाग को निर्देश दिया गया है कि वे एजेंसी के साथ मिलकर काम करें।

बता दें कि इस बैठक में अपर आयुक्त पंकज शर्मा, नगर निवेश के कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह समेत सभी जोन के इंजीनियर मौजूद रहे। दरअसल, रायपुर नगर निगम चाहता है कि इस केंद्र सरकार की इस जनहितैषी योजना का लाभ रायपुरवासियों को मिले, लेकिन बिना किसी अव्यवस्था के। एजेंसी के प्रतिनिधि राकेश रंजन को निर्देश दिया गया है कि वे जोन अधिकारियों के साथ मिलकर ही काम शुरू करें।