नहीं दिया समय पर चुनावी खर्च का ब्यौरा, दो दर्जन जनप्रतिनिधि एक से दो साल के लिए हुए अयोग्य घोषित, नहीं लड़ पाएंगे कोई चुनाव 

43

नहीं दिया समय पर चुनावी खर्च का ब्यौरा, दो दर्जन जनप्रतिनिधि एक से दो साल के लिए हुए अयोग्य घोषित, नहीं लड़ पाएंगे कोई चुनाव 

भोपाल: नगरीय निकायों में पार्षद पद का चुनाव लड़ने वाले एक दर्जन से अधिक उम्मीदवारों ने चुनाव होंने के बाद निर्धारित समयसीमा में चुनावी खर्च का ब्यौरा नहीं दिया। इसके चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने उन्हें एक से दो साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है। अब इस अवधि में वे कोई चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक जुलाई 2022 में नगर निगम भोपाल में वार्ड 47 से पार्षद पद का चुनाव लड़ी सरोज राजू गुजरे ने परिणामों की घोषणा के बाद तीस दिन के अंदर अपने चुनावी खर्च का ब्यौरा नहीं दाखिल किया। उन्हें लिखित नोटिस देकर चुनावी खर्च का ब्यौरा नहीं देने के संबंध में लिखित में जवाब मांगा गया। उन्होंने न तो इसका कोई जवाब दिया और न ही आयोग द्वारा इस संबंध में बुलाई गई सुनवाई के दौरान बारह नवंबर 2025 को वे आयोग के कार्यालय जवाब देने पहुंची। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने उन्हें दो साल के लिए चुनाव लड़ने के अयोग्य घोषित कर दिया है।

भोपाल नगर निगमत के वार्ड 47 से पार्षद पद का चुनाव लड़ी नेहा राय, भोपाल नगर निगम के वार्ड 48 से पार्षद पद का चुनाव लड़े प्रेम नारायण अहिरवार और हुकुम सिंह सोरईया, भोपाल नगर निगम के वार्ड 52 से पार्षद पद का चुनाव लड़ी नेहा रायकवार महाजन, वार्ड 58 से पार्षद पद का चुनाव लड़े मनोहर रजक को दो वर्ष के लिए चुनाव लड़ने के अयोग्य घोषित किया गया है। वार्ड 59 से पार्षद उम्मीदवार रही उमा कैलाश खटीक, वार्ड 59 से ही पार्षद पद की उम्मीदवार लीना निभौर, वार्ड 70 से पार्षद उम्मीदवार जस्प्रीत पीएस आनंद और दिनेश गौस्वामी को एक वर्ष के लिए चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य घोषित किया गया है।

वार्ड 70 से पार्षद का चुनाव लड़े बनवारी शर्मा, वार्ड 71 से चुनाव लड़ी आबिदा शेख, वार्ड 75 से चुनाव लड़ी रेखा राजसजीवन यादव, इसी वार्ड से चुनाव लड़ी सीमा रणवीर सिंह राय, वार्ड 77 से चुनाव लड़े शेख अनवर और सैयद याकूब अली, वार्ड 78 से चुनाव लड़े अजहर खान को एक वर्ष के लिए अयोग्य घोषित किया गया है। इसी तरह वार्ड 80 से अन्नू बिट्टू शर्मा, इसी वार्ड से चुनाव लड़ी स्वाति जैन को दो वर्ष, वार्ड 82 से चुनाव लड़ी राधा ठाकुर, वार्ड 83 से अजय अप्पा और प्रशांत चौहान को दो वर्ष और वार्ड 83 से पार्षद पद का चुनाव लड़े मंगल सिंह यादव को एक वर्ष के लिए चुनाव लड़ने के अयोग्य घोषित किया गया है।