छतरपुर में सड़कों पर ‘मौत का ट्रायल’: स्टंटबाजों की रफ्तार..

177

छतरपुर में सड़कों पर ‘मौत का ट्रायल’: स्टंटबाजों की रफ्तार..

नौगांव में वायरल VIDEO में कार से स्टंट; स्कूल-कोचिंग क्षेत्र में रोज दांव पर लग रही जान..

छतरपुर: छतरपुर जिले के नौगांव में सड़कें अब सुरक्षित आवागमन का माध्यम कम और खतरे का मैदान ज्यादा बनती जा रही हैं। लापरवाही, अतिक्रमण और प्रशासनिक उदासीनता ने हालात ऐसे बना दिए हैं कि यहां हादसे अपवाद नहीं, बल्कि लगातार दोहराई जा रही सच्चाई बन गए हैं।

तत्कालीन वीडियो में दरवाजों पर लटककर दौड़ी कार..
सोमवार को सामने आए एक वायरल वीडियो ने स्थिति की गंभीरता उजागर कर दी। वीडियो में दो युवक चलती कार के दरवाजों पर लटककर कोठी चौराहा से नगर पालिका चौराहा तक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। यह इलाका शहर का व्यस्त बाजार और शैक्षणिक केंद्र है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं गुजरते हैं।

WhatsApp Image 2026 05 05 at 3.03.26 PM

हाल के हादसों से भी नहीं लिया सबक..
कुछ ही दिन पहले मऊसानिया के एक युवक की सड़क हादसे में मौत हुई थी। इससे पहले परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की ई-रिक्शा हादसे में जान गई। इन घटनाओं के बावजूद न तो रफ्तार पर लगाम लगी और न ही स्टंटबाजी पर रोक।

चौड़ी सड़कें, लेकिन अतिक्रमण से सिकुड़ी जगह..
नगर पालिका ने सड़कों का चौड़ीकरण तो कराया, लेकिन किनारों पर बढ़ते अतिक्रमण ने हालात बिगाड़ दिए हैं। दुकानों का सामान और अस्थायी कब्जे सड़क तक फैल चुके हैं, जिससे यातायात के लिए वास्तविक जगह कम हो गई है। यही संकीर्णता दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बन रही है।

स्कूल-कोचिंग क्षेत्र में बढ़ा जोखिम..
कोठी चौराहा से नगर पालिका चौराहा तक का इलाका गर्ल्स स्कूल और कोचिंग संस्थानों के कारण संवेदनशील है। यहां तेज रफ्तार और स्टंटबाजी सीधे छात्रों की सुरक्षा को खतरे में डाल रही है।

कार्रवाई पर सवाल, हादसे के बाद ही क्यों जागता सिस्टम..
स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर पुलिस और प्रशासन सख्ती कब दिखाएंगे। अवैध साइलेंसर, तेज रफ्तार और स्टंट करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या हर बार किसी बड़ी घटना के बाद ही व्यवस्था सक्रिय होगी?