
Khargone News: सड़क दुर्घटना में मां बेटी की मृत्यु,19 अन्य घायल
खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में सोमवार को जैता पुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत खंडवा वडोदरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में दुपहिया वाहन सवार मां बेटी की मृत्यु हो गई जबकि 19 लोग घायल हो गए.
पुलिस सूत्रों के अनुसार मगरिया के समीप एक मिनी बस सामने से आ रही ट्रक और कार को साइड देने के सिलसिले में सड़क से नीचे उतरी जहां वह अनियंत्रित हो गई. इसके पास जैसे ही ड्राइवर ने उसे सड़क पर वापस लाने की कोशिश की वह असंतुलित होकर सामने से आ रही एक दुपहिया वाहन सवार पर जा गिरी. इसके चलते दुपहिया वाहन मिनी बस के नीचे दब गया.
उन्होंने बताया कि दुपहिया वाहन चालक बुरहानपुर जिले के खकनार निवासी बालू की पत्नी मोना तथा उसकी पुत्री अनीता की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि वह स्वयं भी बुरी तरह से घायल हो गया.
घटना के चलते मिनी बस में सवार 19 लोग भी घायल हो गए.
जिला अस्पताल खरगोन के डॉक्टर कुंदन सिसोदिया ने बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां तीन गंभीर घायल आईसीयू में भर्ती हैं.
मिनी बस में सवार धामनोद निवासी विजय बछानिया ने बताया कि वे लोग औरंगपुरा से पिपलोद सगाई करने जा रहे थे इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई.





