
MCX Businessman Suicide Case: पुलिस ने वांटेड आरोपियों के पोस्टर चस्पा किए,5 से बढ़ाकर 25 हजार किया इनाम
छतरपुर: छतरपुर में चर्चित एमसीएक्स (MCX) ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े व्यापारी राजेश अग्रवाल आत्महत्या मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पहले घोषित 5 हजार रुपए के इनाम को बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर वांटेड आरोपियों के फोटोयुक्त पोस्टर चस्पा करना शुरू कर दिया है।
पुलिस की यह कार्रवाई रविवार देर रात को अपोलो क्रॉस मार्केट और अंतरराज्यीय बस स्टैंड क्षेत्र से शुरू हुई। इसके बाद चौबे तिराहा, डाकखाना चौराहा, रेलवे स्टेशन सहित शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों के माध्यम से आम लोगों से फरार आरोपियों की जानकारी देने की अपील की जा रही है।

सब इंस्पेक्टर अंकुर चौबे ने बताया कि पोस्टरों में मुख्य आरोपी रोहित पटेरिया, अनवर खान, शरद अग्रवाल, सुरेश नगरिया, कल्लू कलई और मोनू उर्फ दीपक अग्रवाल के नाम और तस्वीरें प्रकाशित की गई हैं। इन सभी आरोपियों की पुलिस लगातार तलाश कर रही है, लेकिन अब तक वे गिरफ्तारी से बचते हुए फरार हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही जिले और आसपास के क्षेत्रों की पुलिस इकाइयों को भी अलर्ट किया गया है। पोस्टर अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की मदद से आरोपियों तक जल्द पहुंचना है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इन आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वह तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
गौरतलब है कि MCX ऑनलाइन सट्टा कारोबार से जुड़े विवादों के बीच व्यापारी राजेश अग्रवाल द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला शहर में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पुलिस पर लगातार दबाव बना हुआ था। पोस्टर जारी होने और इनाम राशि बढ़ाए जाने के बाद आरोपियों के सहयोगियों और करीबियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।





