WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की ही तर्ज पर पुणे में मंगेतर ने रची मौत की साजिश! बॉयफ्रेंड की एक गलती से खुल गया 350 फीट गहरी खाई में धकेलकर की हत्या का राज

270

इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की ही तर्ज पर पुणे में मंगेतर ने रची मौत की साजिश! बॉयफ्रेंड की एक गलती से खुल गया 350 फीट गहरी खाई में धकेलकर की हत्या का राज

कीर्ति कापसे की विशेष रिपोर्ट

पुणे: इंदौर में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड की ही तर्ज पर महाराष्ट्र के पुणे जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोहगढ़ किले से गिरकर 24 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत को शुरुआत में हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में यह मामला हत्या का निकला।

जांच में खुलासा हुआ कि केतन की होने वाली पत्नी सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी।

जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल हाल ही में विदेश से उच्च शिक्षा पूरी कर भारत लौटे थे और अपने पिता के निर्माण व्यवसाय से जुड़ रहे थे। नवंबर में उनकी शादी होने वाली थी, जिसके लिए जयपुर में भव्य आयोजन की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। परिवार ने मेहमानों के लिए चार्टर्ड विमान तक बुक किए थे।

18 जून को केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ पुणे के प्रसिद्ध लोहगढ़ किले पर गए थे। बाद में सिया ने परिवार और पुलिस को बताया कि सेल्फी लेते समय तेज हवा के कारण केतन का पैर फिसल गया और वह लगभग 350 फीट गहरी खाई में गिर गया।

हालांकि, पुलिस को यह कहानी संदिग्ध लगी क्योंकि केतन नियमित रूप से ट्रेकिंग करते थे और उन्हें पहाड़ी इलाकों का अच्छा अनुभव था। परिवार ने भी हादसे पर सवाल उठाए, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने किले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसने भीषण गर्मी में हुडी पहन रखी थी और हेडफोन के जरिए अपना चेहरा छिपाने की कोशिश की थी। इसी संदिग्ध गतिविधि ने पुलिस का ध्यान आकर्षित किया।

पुलिस ने युवक की पहचान की और जांच आगे बढ़ाई तो कथित तौर पर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की साजिश का पर्दाफाश हो गया।

जांच में सामने आया कि सिया पिछले एक वर्ष से चेतन के साथ प्रेम संबंध में थी और वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी।

आरोप है कि 18 जून को सिया ने योजना के तहत केतन को लोहगढ़ किले के एक सुनसान हिस्से में ले जाकर अपने प्रेमी की मदद से उसे गहरी खाई में धक्का दे दिया। इसके बाद पूरे मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई।

फिलहाल पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।