
Weather Update: MP में मानसून सक्रिय, हवाओं से भटकाव भी, चेन्नई में भारी बारिश, शनिवार को 2 चक्रवातों में होगी भिड़ंत
दिनेश सोलंकी की खास रिपोर्ट
फिलीपींस के समुद्र में अजूबा होने जा रहा है जब दो चक्रवात आपस में भिड़ते हुए एक दूसरे को क्रास करेंगे और जापान में धूम मचाएंगे। मेक्खला और हिगोस नामक चक्रवात अभी क्रमशः 75 और 95 km प्रति घंटे की रफ्तार में एक साथ उत्तर पूर्व की ओर अग्रसर हैं। ये दोनों ही चक्रवात जापान के दक्षिण भाग से गुजरते हुए पूरे जापान में वर्षा करेंगे। शनिवार 27 जून को ये आपस में भिड़ेंगे तब मेक्खला 65 तो हिगोस 95 km की रफ्तार में होंगे और हिगोस यहां मेक्खला को क्रास करेगा और दोनों समान रूप से पूर्व की ओर बढ़ जाएंगे। ये दोनों ही चक्रवात के असर से समूचे जापान में भारी बारिश हो रही है जो अगले 3 दिन और रहेगी।
गौरतलब है कि मेक्खला 23 जून को 215 km की रफ्तार तक आ चुका था तब हिगोस 60 km की रफ्तार में ही था।
भारत में मानसून की स्थिति अलग अलग मौसम चक्र से भ्रमित हो रही है। उत्तर भारत के पश्चिमी भाग में बादल चक्राकार स्थिति में है और हवाएं उत्तर से दक्षिण की ओर भी उन्हें बहा रहीं हँ। कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड हिमाचल में बारिश होगी, पंजाब में पश्चिम भाग में बारिश होगी। हरियाणा, दिल्ली में मौसम लगभग साफ रहेगा, गर्मी उमस रहेगी। यूपी और बिहार, झारखंड में कुछ हिस्सों में बारिश होगी। महाराष्ट्र में बारिश का मौसम रहेगा। राजस्थान में कहीं कहीं बारिश की संभावना है, गुजरात में मौसम साफ रहेगा।
दक्षिण भारत में चेन्नई सहित आधे ऊपरी भाग में अच्छी और तेज बारिश होगी। कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्रा में भी बारिश है।
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है मगर हवाओं से भ्रमित भी है। पूर्वी क्षेत्र में अच्छी बारिश होगी। उत्तरी भाग खुला रहेगा। पश्चिम क्षेत्र में शाम तक बारिश की संभावना रहेगी। हवाओं में ठहराव नहीं है। दो दिन यही स्थिति रह सकती है।




