
बेंगलुरु। बेंगलुरु के KR पुरम इलाके से एक बेहद हैरान और डरा देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक चलती हुई स्कूल वैन का पिछला दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे गाड़ी में बैठे कई मासूम बच्चे चलती गाड़ी से सीधे सड़क पर गिर गए। वैन का बैक डोर अचानक खुल जाने की वजह से 5 बच्चे गाड़ी से सड़क पर गिर गए।बताया जा रहा है कि वैन के गड्ढे में जाने या झटके लगने के कारण पीछे का दरवाजा खुल गया था .
यह पूरी घटना वहां लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस लापरवाही को लेकर वैन के ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पीछे से कोई दूसरा बड़ा वाहन नहीं आ रहा था, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में करीब चार बच्चों को मामूली खरोंचें आई हैं और वे सुरक्षित हैं।
पुलिस की कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए के.आर. पुरम पुलिस स्टेशन में ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही उस स्कूल वैन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अब इस मामले की आगे की जांच कर रही है कि यह हादसा दरवाजे के लॉक में खराबी के कारण हुआ या फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर ड्राइवर की लापरवाही की वजह से।





