WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

दुर्ग में आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा उजागर, ओडिशा से मरीज लाकर महंगे पैकेज का खेल, कई निजी अस्पताल जांच के घेरे में 

दुर्ग में आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा उजागर, ओडिशा से मरीज लाकर महंगे पैकेज का खेल, कई निजी अस्पताल जांच के घेरे में 

 

विनोद काशिव की रिपोर्ट 

दुर्ग। आयुष्मान भारत योजना के तहत दुर्ग जिले के निजी अस्पतालों में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आया कि ओडिशा से एजेंटों के जरिए मरीजों को लाकर सामान्य बीमारियों में महंगे सर्जिकल पैकेज का क्लेम किया जा रहा था। कलेक्टर ने दोषी अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर पांच सदस्यीय टीम ने 22-23 जून को कई स्थानीय निजी चिकित्सालय एवं और नर्सिंग होम का निरीक्षण किया। जांच में एसआर हॉस्पिटल में ही ओडिशा के 60-70 मरीज भर्ती मिले। एएम हॉस्पिटल, लक्ष्मीनारायण हॉस्पिटल और नवजीवन हॉस्पिटल में भी ओडिशा के मरीज पाए गए। कई मरीज गोपबंधु जन आरोग्य योजना के लाभार्थी थे।

जांच में सामने आया कि ओडिशा के बरगढ़, कोरापुट, नुआपाड़ा, संबलपुर और बोलांगीर जिलों से एजेंट मरीजों को लाते हैं। आरोप है कि प्रति मरीज एजेंटों को 3 से 4 हजार रुपये कमीशन दिया जाता है। कुछ लोगों को 300-500 रुपये प्रतिदिन का लालच देकर भर्ती कराने के आरोप भी हैं। एक हॉस्पिटल में ओड़िया भाषा जानने वाली स्टाफ नर्स की नियुक्ति की जानकारी भी मिली है।

स्वास्थ्य विभाग जांच कर रहा है कि सामान्य बीमारी के मामलों में महंगे सर्जिकल पैकेज क्यों स्वीकृत किए गए और बड़ी संख्या में मरीजों की सर्जरी की जरूरत कैसे पड़ी। कुछ कथित एजेंटों ने मरीज लाने के एवज में कमीशन मिलने का दावा भी किया है।

दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि यदि जांच में सामान्य बीमारी के मामलों में अधिक भुगतान वाले आयुष्मान पैकेज लेने की पुष्टि होती है, तो संबंधित अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।