
ई अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों के वेतन आहरण के प्रस्ताव भेजने वाले प्राचार्य होंगे निलंबित
भोपाल: प्रदेश के कई जिलों में शिक्षक सरकार के उन नियमों को ठेंगा दिखा रहे है जिसमें उनके लिए ई अटेंडेंस लगाना अनिवार्य किया गया है। अब ऐसे संकुल प्राचार्यो पर निलंबन की गाज गिरेगी जो ई अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों के वेतन देयक आहरण हेतु भेज रहे है।
आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किए है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने वाले सभी शिक्षकों को नियमित रुप से ई अटेंडेंस मार्क करने के निर्देश दिए गए है। सभी प्राचार्यो को भी यह निर्देश दिए गए थे कि ई अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों के वेतन की कटौती की जाए। इसके बाद भी यह देखने में आ रहा है कि वर्तमान में प्रदेश में ई अटेंडेंस के माध्यम से उपस्थिति 90 प्रतिशत के करीब है। इससे यह प्रमाणित हो रहा है कि शत प्रतिशत शिक्षकों द्वारा ई अटेंडेेंस नहीं लगाई जा रही है जो शासन के निर्देशों का गंभीर उल्लंघन है। इससे शैक्षणिक गतिविधियों में बाधा भी हो रही है।
अभिषेक सिंह ने कहा है कि ऐसे संकुल प्राचार्य जिनके द्वारा शत प्रतिशत ई अटेंडेंस न लगाए जाने वाले शिक्षकों के वेतन देयक आहरण हेतु अग्रेषित किया गया है उनके विरुद्ध निलंबन, अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ की जाए। इसकी जानकारी भी उन्होंने संचालनालय को भेजने को कहा है। ऐसा नहीं कने वाले संबंधित संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
*ई अटेंडेंस नहीं लग रही तो यह करें-*
आयुक्त लोक शिक्षण अभिषेक सिंह का कहना है कि सभी शिक्षकों को ई अटेंडेंस लगाना अनिवार्य है। यदि तकनीकी कारणों से ई अटेंडेंस नहीं लग पा रही है तो स्कूल प्राचार्य या वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें। अधिकारी यह सुनिश्चित कराएंगे कि शिक्षक स्कूल में उपस्थित हुए है। यदि वह सूचना देकर विधिवत छुट्टी पर है तो इसमें कोई दिक्कत नहीं है। यदि उसे कहीं स्कूल या विभाग द्वारा अन्य काम में लगाया गया है तो इसकी जानकारी भी संकुल प्राचार्य देंगे। जो शिक्षक जानबूझकर ई अटेंडेंस नहीं लगा हे है उनके खिलाफ वेतन कटौती करने के निर्देश पहले से ही है। लेकिन यदि प्राचार्य ऐसे शिक्षक जो जानबूझकर ई अटेंडेंस नहीं लगा रहे है उनके वेतन निकालने के प्रस्ताव भेजते है तो ऐसे प्राचार्यो पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
आयुक्त सिंह ने कहा कि ई अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों के वेतन निकालने के प्रस्ताव देने वाले प्राचार्यो को नोटिस दिए गए है। यदि वे ई अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों के वेतन आहरण के स्पष्ट कारण बताते है तो उन पर कोई कार्यवाही नहीं होगी। साथ ही उन्हें यह चेतावनी दी गई है कि आगे वे ऐसा नहीं करें। अभी 95 फीसदी उपस्थिति की स्थिति बन गई है हम इसे सौ प्रतिशत कराएंगे।





