मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम भोपाल के नवीन मुख्यालय भवन का किया लोकार्पण, स्वच्छता की शपथ के पटल पर लिखा – ‘भोपाल स्वच्छता में रहेगा नंबर-वन’

158

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम भोपाल के नवीन मुख्यालय भवन का किया लोकार्पण, स्वच्छता की शपथ के पटल पर लिखा – ‘भोपाल स्वच्छता में रहेगा नंबर-वन’

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपालवासियों को भोपाल नगर निगम के नवीन मुख्यालय भवन की बधाई देते हुए कहा कि देश की क्लीन और ग्रीन कैपिटल, झीलों की नगरी भोपाल के नगर निगम का यह भवन सुशासन का प्रतीक बनेगा। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेई ने जन सेवा को शासन का आधार माना था। श्रद्धेय अटल जी के नाम पर स्थापित यह भवन सुलभ, सुव्यवस्थित और पारदर्शी सेवाओं का केंद्र होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल नगर पालिका निगम के नवनिर्मित मुख्यालय “अटल भवन” के लोकार्पण अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक भवन शहर में सुशासन, बेहतर नागरिक सुविधाओं और विकास के नए संकल्प का प्रतीक बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नगर निगम भोपाल के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

WhatsApp Image 2026 05 07 at 3.22.15 PM 2

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वच्छता की शपथ के पटल पर लिखा संदेश- ‘भोपाल रहेगा स्वच्छता में नंबर-वन’

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नगर निगम भोपाल के नवनिर्मित भवन में फीता खोलकर प्रवेश कर भवन का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लोकार्पण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया तथा भवन की शिला पट्टिका का अनावरण भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वच्छता की शपथ के पटल पर लिखा कि ‘भोपाल स्वच्छता में रहेगा नंबर-वन’। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल नगर निगम द्वारा नीमच जिले के देवरी में लगभग 14 करोड़ रूपए की लागत से पीपीपी मोड पर विकसित की गई सौर ऊर्जा परियोजना का भी रिमोट का बटन दबाकर लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भवन लोकार्पण के शुभ अवसर पर शहनाई वादन कर रहे कल्लू भाई तथा उनके साथियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रूपए प्रदान करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया। मंचीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अंगवस्त्रम तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिवादन किया गया। इस अवसर पर भोपाल के प्रभारी तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य कश्यप, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री भगवानदास सबनानी, श्री विष्णु खत्री तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

भोपाल को मेट्रोपॉलिटिन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल नगर निगम का यह भवन ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित है। इस भवन का आकल्पन नागरिकों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। भवन में सूर्य के प्रकाश और वेंटीलेशन की पर्याप्त व्यवस्था है, जो ऐतिहासिक रूप से प्रमाणित भारतीय वास्तुकला के सिद्धांतों के अनुरूप है। ऊर्जा की दृष्टि से भी यह भवन अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं करेगा। आज नगर निगम भोपाल द्वारा नीमच के ग्राम देवरी में स्थापित 10.5 मेगावॉट की सौर ऊर्जा का लोकार्पण भी किया जा रहा है। इस भवन की बिजली आपूर्ति ओपन एक्सेस के माध्यम से नीमच के इस संयंत्र से की जाएगी। परिसर की पार्किंग में भी सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। यह भवन ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण का अद्भुत उदाहरण है। प्रदेश की राजधानी भोपाल का गौरव दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। भोपाल को मेट्रोपॉलिटिन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। रायसेन, सीहोर, विदिशा, राजगढ़ को भोपाल से जोड़ते हुए यह क्षेत्र विकास के नए सौपान तय करेगा।

WhatsApp Image 2026 05 07 at 3.22.15 PM

नगर सरकार जनता के लिए शासन प्रणाली का महत्वपूर्ण स्तंभ है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकतंत्र में केन्द्र सरकार, राज्य सरकार और नगर सरकार, नागरिकों की भावनाओं की अभिव्यक्ति और जनता का-जनता द्वारा-जनता के लिए शासन प्रणाली के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश, प्रदेश के साथ-साथ नगरीय और ग्राम स्तर पर भी सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं। राज्य सरकार विकास और जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से प्रदेशवासियों की बेहतरी के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में ‍विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश भारत विश्व के सम्मुख आदर्श प्रस्तुत कर रहा है। कई अन्य देशों में उनके अस्तित्व को लेकर ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां विद्यमान हैं। जबकि भारत प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा आरंभ की गई विकास की गतिविधियों को प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विस्तार दिया है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा लिए गए निर्णयों से आम भारतीय का विश्वास बढ़ा है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में धर्म-संस्कृति के गौरव का काल चल रहा है। अयोध्या में भगवान राम के धाम की स्थापना हो या नारी शक्ति वंदन अधिनियम या फिर पड़ोसी देशों के गलत इरादों के विरूद्ध की गई कार्यवाही, प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा लिए गए निर्णयों से आम भारतीय का विश्वास बढ़ा है। धारा 370 के बाद कश्मीर में भी बदलाव आया है और अब कश्मीर के लोग भी भारत के साथ कदम से कदम मिलाकर देश के दुश्मनों का मुकाबला करने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों की बेहतरी के लिए हरसंभव कदम उठा रही है।

WhatsApp Image 2026 05 07 at 3.22.15 PM 1

नगर निगम से संबंधित सभी विभाग एक ही छत के नीचे एक साथ कार्य करेंगे

प्रभारी मंत्री श्री चेतन कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास और जनकल्याण की गतिविधियों में नए आयाम स्थापित कर रही है। भोपाल नगर निगम का 73 करोड़ रूपए की लागत से बने इस भवन में नगर निगम से संबंधित सभी विभाग एक ही छत के नीचे एक साथ कार्य करेंगे। भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार माना। उन्होंने बताया कि नगर पालिक निगम भोपाल का नवनिर्मित भवन भू-तल सहित 8 मंजिलों में विकसित किया गया है। लगभग 2 लाख वर्ग फुट से बना यह भवन आधुनिक सुविधाओं से लैस है। श्रीमती राय ने भोपाल नगर‍ निगम की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला