Collector Crossed Limits : MP में एक कलेक्टर ने कहा ’25 साल तक रहने दें यही सरकार, किसी के भटकाने में ना आएं!

कलेक्टर पर विकास यात्रा में BJP का प्रचार करने का आरोप!

1310

Collector Crossed Limits : MP में एक कलेक्टर ने कहा ’25 साल तक रहने दें यही सरकार, किसी के भटकाने में ना आएं!

Panna : कलेक्टर संजय मिश्रा पर प्रशासनिक सेवा नियमों का उल्लंघन करते हुए विकास यात्रा के मंच से भाजपा का खुलेआम प्रचार करने का आरोप लग रहा है।

दरअसल बुधवार को पन्ना कलेक्टर सरकार की विकास यात्रा में शामिल हुए। वे वह रात 9 बजे अमानगंज में आमसभा को संबोधित कर रहे थे। इस सभा में कई अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ थी। इस आमसभा में पन्ना कलेक्टर जनता को संबोधित करने के लिए उठे और कुछ ऐसा बोल गए जिसका विरोध शुरू हो गया।

WhatsApp Image 2023 02 09 at 8.10.30 PM

पन्ना कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा का कहना था ‘माननीय मोदी जी कहते हैं कि आजादी का अमृतकाल चल रहा है। शताब्दी 25 साल बाद मनाई जाएगी। हमारे प्रधानमंत्री जी का सपना है कि जब शताब्दी मने तब भी यही सरकार रहे। आपको अगले 25 साल तक इसी मेहनत से इस सरकार के साथ बने रहना है। किसी के भटकाने में आने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।’ उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कहते हैं कि जनता के आशीर्वाद से चौथी बार भाजपा की सरकार प्रदेश में बनी है।

कांग्रेस ने कलेक्टर पर निशाना साधा
कांग्रेस के मीडिया अध्यक्ष केके मिश्रा ने ट्वीट करके कटाक्ष किया कि …
ये हैं पन्ना कलेक्टर संजय मिश्र, इनके विरुद्ध HC जबलपुर ने भी गत दिनों टिप्पणी की थी …
अब विकास यात्रा के दौरान कर रहे BJP का प्रचार
अमानगंज की सभा में बोले आने वाले 25 साल तक रहेगी यही सरकार।
कलेक्टर की गरिमा को तार-तार
इतने ही बड़े दलाल हैं तो छोड़िए नौकरी, लड़िए चुनाव?

प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य की प्रेस वार्ता
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य श्रीकांत पप्पू दीक्षित ने भी पत्रकारों को संबोधित करते हुए इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जबलपुर हाई कोर्ट ने भी कलेक्टर पन्ना संजय कुमार मिश्र पर टिप्पणी करते हुए उन्हें भाजपा का एजेंट कहा था। आज यह टिप्पणी पूरी तरह सही हो गई है। कलेक्टर पन्ना ने अपने पद की मर्यादा के इतर भाजपा एजेंट की तरह सभा को संबोधित किया और लोगों को भाजपा के पक्ष में वोट करने के लिए प्रेरित किया, जो कहीं से भी सही नहीं है। एक पार्टी विशेष के लिए प्रेरित करना है, जो एक आईएएस स्तर के अधिकारी को कतई शोभा नहीं देता। इस मामले पर कांग्रेस पार्टी आईएएस एसोसिएशन को पत्र लिखकर शिकायत करेगी।

हाईकोर्ट ने कहा था पॉलिटिकल एजेंट
कलेक्टर संजय कुमार मिश्रा पहले भी अपने विचारों के चक्कर में विवादों में फंस चुके हैं। इन पर हाईकोर्ट ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा था कि ‘पन्ना कलेक्टर पॉलिटिकल एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इन्हें पद से हटा देना चाहिए’। कोर्ट ने यह टिप्पणी कलेक्टर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करते हुए की। उन पर पन्ना की गुन्नौर जनपद और जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में अफसरों पर गड़बड़ी के आरोप लगे थे।