Congress Asked for Account : कमलनाथ ने शिवराज सिंह से कार्यकाल का हिसाब मांगा! 

भाजपा की विकास यात्रा को उनकी निकास यात्रा' बताया 

356

Congress Asked for Account : कमलनाथ ने शिवराज सिंह से कार्यकाल का हिसाब मांगा!

Gwalior : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि शिवराज जी 190 महीने मुख्यमंत्री रहे, 215 महीने भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही और उन्हें इन 190 महीने का हिसाब देना चाहिए कि उन्होंने मुंह चलाने के अलावा प्रदेश में और क्या काम किया। क्योंकि, मुंह चलाने और प्रदेश चलाने में बहुत अंतर होता है।

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज मुझसे प्रश्न पूछते हैं कि मैंने 15 महीनों में क्या किया? 15 महीनों के लिए मैं मुख्यमंत्री था जिसमें से ढाई महीने आचार संहिता और लोकसभा चुनाव में गए और साढ़े 11 महीने का हिसाब मैं देने के लिए तैयार हूं और मध्य प्रदेश की जनता गवाह है। पर भाजपा के राज में किस तरह से सत्यानाश हुआ हमारे नौजवानों के भविष्य का हमारे कृषि क्षेत्र का हमारे छोटे व्यापारियों का मध्य प्रदेश की जनता इस बात की भी गवाह है।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज शुभ दिन है। परम पूज्य संत रविदास जी की जयंती है मैं उनके चरणों में प्रणाम करता हूं। परंतु एक और कारण से आज का दिन विशेष है, कि आज मध्यप्रदेश में भाजपा की ‘निकास यात्रा’ की शुरुआत हुई है! विकास यात्रा में शासकीय तंत्र का बड़े पैमाने पर शासकीय तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है आज भारतीय जनता पार्टी के पास पुलिस फैसला और प्रशासन बचा है।

उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि 7 महीने बाद मध्य प्रदेश की जनता प्रदेश की तस्वीर अपने सामने रखकर प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रखेगी नौजवान और किसानों का भविष्य सुरक्षित रखेगी। हमारे प्रदेश का 70% अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है। आज अगर ग्वालियर का बाजार चलता है गांव की किराने की दुकान चलती है यह तभी संभव है जब किसानों की जेब में पैसा हो।

भाजपा ने हाल ही में छठवां इन्वेस्टर समिट किया। हर आयोजन में यह बातें कहीं गई कि इतने लाख रुपए का निवेश आएगा। जबकि, सच्चाई यह है कि 18 साल में 100 रुपए में से 30 पैसा निवेश मध्यप्रदेश में आया। मतलब भारत के कुल निवेश का 0.3 प्रतिशत। मध्यप्रदेश में आर्थिक गतिविधि घट गई, प्रदेश का इंडेक्स ऑफ़ इकोनॉमी घटी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मैंने प्रदेश को एक नई पहचान दिलाने प्रयास किया था। मेरा मानना है कि प्रदेश की पहचान किसी माफिया या मिलावट खोरी से नहीं हो सकती, इसलिए हमने शुद्ध का युद्ध अभियान चलाया था। माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया था हमने 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया था। 100 रूपए में 100 यूनिट बिजली देने का काम किया। मैं चाहता था कि प्रशासनिक सिस्टम सरल हो।

उन्होंने सवाल के जवाब में कहा कि ग्वालियर चंबल क्षेत्र के लिए कौन अतिथि है और कौन नहीं, इस बात का फैसला जनता करेगी। हमने हाल ही में ग्वालियर और मुरैना में महापौर का चुनाव जीता है। भारतीय जनता पार्टी में सिंधिया जी की क्या स्थिति है यह मुझे नहीं पता! इस बात का जवाब आप उन्हीं से पूछिए। वे स्वयं बेहतर बता पाएंगे।

सिंधिया जी मेरे साथी रहे हैं , मेरे उनसे अच्छे संबंध रहे हैं। मेरे संबंध उनसे माधवराव सिंधिया जी के समय से हैं हमारा एक दूसरे के घर पर आना-जाना रहा है, पर अब उनके राजनीतिक विचार बदल गए हैं, आज उनसे हमारे राजनीतिक विचार भिन्न हैं। उन्होंने कहा कि हमारे 15 महीने की सरकार की गवाह प्रदेश की जनता है। जब मैंने मुख्यमंत्री के तौर पर सत्ता संभाली, तब मैंने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया। कैसा प्रदेश हमें सौंपा गया था जो कि आत्महत्या में नंबर वन बेरोजगारी में नंबर वन, व्यापम घोटाला, भ्रष्टाचार में नंबर वन!

चुनाव में उम्मीदवारी के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि हम अपने संगठन के तमाम लोगों से चर्चा करके और सर्वे के आधार पर जीतने वाले को टिकट देंगे। पार्टी में सब की अहम भूमिका होने वाली है दिग्विजय सिंह जी, गोविंद सिंह जी और लाखन सिंह जी की होने वाली है। हमारे सभी नेता अनुभवी है सब के अनुभव का लाभ लेंगे। भाजपा से आने वाले इच्छुक नेताओं के बारे में फैसला हमारे पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता लेंगे।