WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home खबरों की खबर

Female Engineer was Called Home at Night : उज्जैन नगर निगम के संविदा कार्यपालन यंत्री के खिलाफ महिला इंजीनियर की शिकायत, रात में घर बुलाया!

पीयूष भार्गव के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें हुई, ट्रांसफर हुए पर कुछ नहीं बिगड़ा!

Female Engineer was Called Home at Night : उज्जैन नगर निगम के संविदा कार्यपालन यंत्री के खिलाफ महिला इंजीनियर की शिकायत, रात में घर बुलाया!

Ujjain : उज्जैन नगर निगम के संविदा इंजीनियर पीयूष भार्गव के खिलाफ एक महिला इंजीनियर ने छेड़छाड़ करने और रात में घर बुलाने की शिकायत की है। महिला इंजीनियर ने निगम आयुक्त से शिकायत करते हुए उन्हें तीन ऑडियो क्लिप्स और वॉट्सअप चैटिंग का स्क्रीन शॉट भी दिया, जिसमें इस इंजीनियर की हरकत रिकॉर्ड हैं। इस मामले में महिला इंजीनियर ने निगम आयुक्त को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इस पूरे मामले पर निगम आयुक्त आशीष पाठक का कहना है कि संविदा कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव के खिलाफ महिला इंजीनियर ने शिकायत की है। जांच के बाद नियम के अनुसार कार्रवाई करेंगे।

नगर निगम में इस इंजीनियर को महिला इंजीनियर द्वारा थप्पड़ मारने की चर्चा थी। आरोप थे कि इस इंजीनियर ने अपनी सब-ऑर्डिनेट उपयंत्री पर गंदी निगाहें रखे थे। इसी को लेकर रविवार को शहर में वाट्सऐप चेट की स्क्रीन और तीन ऑडिया वायरल हुए। वाट्सऐप चेटिंग में संविदा कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव ने आपत्तिजनक बातें लिखी हैं। वहीं महिला इंजीनियर ने भार्गव के तरीकों पर भी ऐतराज जताया। इसके बाद महिला उपयंत्री ने लिखित में निगम आयुक्त आशीष पाठक को संविदा कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव के खिलाफ शिकायत की।

सोशल मीडिया पर जो दो ऑडियो क्लिप वायरल हो रहे हैं, उनमें से एक में उपयंत्री मुकुल मेश्राम और दूसरे में सहायक यंत्री मनोज राजवानी की आवाज बताई जा रही है। इसमें उपयंत्री मेश्राम महिला इंजीनियर पर रात में भार्गव के घर जाने का दबाव डाल रहे हैं। मेश्राम कह रहे हैं कि कल मुख्यमंत्री भोपाल में बैठक ले रहे हैं, उसकी फाइल्स कंप्लीट करना है। महिला इंजीनियर कह रही है कि सर, मैं इतनी रात घर कैसे जा सकती हूं। आप शाम को ग्रांड होटल में बुलवा लेते। मेश्राम कह रहे हैं कि वहां सब हैं, कोई डर की बात नहीं है। ऐसे ही सहायक यंत्री मनोज राजवानी ऑडियो क्लिप में महिला इंजीनियर को रात में भार्गव के घर आने के लिए कह रहे हैं। इसमें महिला इंजीनियर रात को जाने में असमर्थता जता रही हैं।

संविदा कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव की हाल ही में महापौर मुकेश टटवाल ने एमआईसी की प्रत्याशा में संविदा नियुक्ति बढ़ाई है। वर्ष 2024 में हुई पदस्थी के एक साल पूरा होने पर हाल ही में दूसरी बार नियुक्ति बढ़ाई गई। वहीं सोमवार को एमआसी बैठक में भार्गव की संविदा नियुक्ति बढ़ाने पर विधिवत मोहर लगाने की तैयारी है।

इन ऑडियो क्लिप्स के वायरल होने के बाद उप नेता प्रतिपक्ष नगर निगम उज्जैन राजेन्द्र गब्बर कुंवाल ने इस अशोभनीय बताया। उनका कहना है कि महिला कर्मचारी को रात में घर बुलाना किसी भी नियम के तहत नहीं आता। संविदा इंजीनियर का ऐसा कृत्य अशोभनीय है। धार्मिक शहर के साथ निगम की छवि प्रभावित होती है। ऐसे संविदा अधिकारी को हटाने की मांग मुख्यमंत्री से की जाएगी।

भ्रष्टाचार और राजनीतिक गणित के भी कई किस्से

उज्जैन नगर निगम में बरसों से पदस्थ प्रभारी कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव का राजनीतिक गणित बड़ा अजब है। 35 साल की नौकरी में भार्गव के केवल 5 बार ट्रांसफर हुए। फिर वे किसी न किसी तरह अपना ट्रांसफर वापस उज्जैन नगर निगम में करवाते रहे। अब वे संविदा पर उज्जैन नगर निगम में है। भार्गव के खिलाफ भ्रष्टाचार की भी कई शिकायतें हैं। नौकरी में उनका तीन बार निलंबन हुआ, परंतु हर बार वह किसी न किसी तरीके से वापस बहाल हो गए।