अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: 5 आरोपी गिरफ्तार, गोवा-रायपुर-दुर्ग नेटवर्क से चल रहा था करोड़ों का अवैध कारोबार

59

अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: 5 आरोपी गिरफ्तार, गोवा-रायपुर-दुर्ग नेटवर्क से चल रहा था करोड़ों का अवैध कारोबार

 

दुर्ग। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के 5 मुख्य संचालकों और सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह गोवा, रायपुर, दुर्ग सहित विभिन्न राज्यों से फर्जी सिम, म्यूल अकाउंट और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध सट्टा संचालित कर रहा था।

IMG 20260426 WA0009

थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में दर्ज अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत धारा 4, 6, 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और 112(2) बीएनएस के मामले में जांच के दौरान इस बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। इससे पहले इस प्रकरण में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जिसके बाद तकनीकी और वित्तीय जांच के आधार पर गिरोह के ऊपरी स्तर तक पहुंचते हुए 5 और आरोपियों को पकड़ा गया।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इंटरनेट, व्हाट्सएप कॉल और इंस्टाग्राम कॉल के माध्यम से संपर्क में रहकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। इसके लिए फर्जी सिम कार्ड और म्यूल अकाउंट का उपयोग किया जाता था। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह रोज 10 से 15 लाख रुपये का लेन-देन करता था, जबकि आईपीएल सीजन में हर महीने 4 से 5 करोड़ रुपये का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 45 बैंक पासबुक, 76 एटीएम कार्ड, 10 चेक बुक, 1 वाई-फाई राउटर, 5 सिम कार्ड, 2 आधार कार्ड, 2 पैन कार्ड और ₹2,70,000 नगद जब्त किए हैं। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराधों से दूर रहें। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।