Loksabha Election 2024:नारे नहीं चक्रव्यूह है 400 पार व 370

461

Loksabha Election 2024:नारे नहीं चक्रव्यूह है 400 पार व 370

अब जबकि लोकसभा चुनाव का रंग जम चुका है और सात चरणों में से तीन चरण पूरे हो चुके हैं,तब भारतीय जनता पार्टी के इन दो नारों की जमीनी हकीकत समझी जा सकती है। आम तौर पर ये देश और भाजपा कार्यकर्ताओं को भाजपा नेतृत्व की ओर से दिये गये नारे व संकल्प नजर आते हैं। जबकि ये नारों से कहीं आगे ऐसी रणनीति थी, जिसमें विपक्ष बुरी तरह से घिर चुका है। अब वह इसके पीछे का असल खेल समझ भी ले तो कुछ फर्क नहीं पड़ने वाला।यह भाजपा का ऐसा चक्रव्यूह था, जिसमें विपक्ष के महारथी एक-एक कर अंदर घुसते चले गये और वापसी के रास्ते और हिकमत मालूम होकर भी उलटे पैर लौटने में हेकड़ी खराब हो जाने से अंदेशे से घिरे हैं।

 

दरअसल,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के अंतिम सत्र में नारा दिया था कि भाजपा इस बार, 400 पार करेगी। इसी के साथ भाजपा आलाकमान ने कार्यकर्ताओं को लक्ष्य दिया कि वे देश के करीब दस लाख बूथ पर प्रत्येक में 370 नये मतदाता भाजपा के पक्ष में जोड़ने का अभियान चलाये। 370 के आंकड़े से कश्मीर की वजह से देशवासियों की भावना भी जुड़ी हुई है तो इसका चर्चित हो जाना स्वाभाविक ही था। दूसरी तरफ 400 पार का आंकड़ा इसलिये उछाला गया कि यदि यह जादुई आंकड़ा पार कर लेते हैं तो भाजपा को अपनी कार्य योजना के तहत संविधान में जो आवश्यक संशोधन करने है,उसके लिये जरूरी संख्या इसके जरिये ही मिल पायेगी। संविधान में कुछ भी संशोधन करना है तो संसद के दोनों सदनों के कुल 521 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। राज्यसभा में अभी राजग के 117 सांसद हैं। लोकसभा में 404 सीटें ले आयें तो संशोधनों की राह आसान हो जायेगी।

इस आंकड़े को उछालने के पीछे मुझे जो रणनीति दिखाई देती है, वह यह कि इससे वह मतदाता जो ऐन मतदान के दिन अपना मन बनता है और राष्ट्रवादी सोच रखता है, वह भाजपा के पक्ष में मतदान करना पसंद करेगा। भाजपा के पक्के समर्थक मतदाता यदि किसी कारणवश मतदान के प्रति ढीले पड़ रहे होंगे तो उनमें एक सार्थक लक्ष्य के प्रति आकर्षण रहेगा। उधर, 370 से भावनात्मक जुड़ाव के चलते कार्यकर्ता भी अधिक समर्पण भाव से नये मतदाता जोड़ने में लग जायेगा। तीसरा, जो सबसे बड़ा कारण था, वह विपक्ष को भटकाना था। जाहिर सी बात है कि विपक्ष पूरी ताकत इस बात पर लगाता रहा है कि मोदी सरकार 400 का आंकड़ा तो पार नहीं कर पाये। उसने प्रत्येक बूथ पर 370 नये मतदाता जोड़ने का भी काफी मखौल उड़ाया कि रातोरात 37 करोड़ मतदाता भाजपा के पक्ष में जुट जाना असंभव है। उनका ऐसा कहना सही भी है। कोई चमत्कार भी इतना व्यापक समर्थन तो नहीं बढ़ा सकता । बस यहीं पर विपक्ष समझ नहीं पाया और चुनावी जंग इन दो प्रमुख नारों के आसपास घूमता रहा।

 

भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस भरोसे और भ्रम में नहीं रहा होगा कि उसे 400 से अधिक सीटें मिल सकती है। मिल जाये तो ताज्जुब भी नहीं होगा, क्योंकि उसने समूचा अभियान तो इस आंकड़े के इर्द-गिर्द ही चलाया है। भाजपा के इस शोशे को लेकर विपक्ष ने सारा ध्यान इस पर ही केंद्रित कर दिया कि भाजपा को 400 सीटें न मिल पाये। अभी तक के हालात से ऐसा कभी नहीं लगा कि विपक्ष केंद्र में मिली-जुली सरकार बनाने का प्रयास कर रहा है। वह तो भाजपा को 400 के आंकड़े से रोकने में लगा है। देश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने तो केवल 270 सीटों पर प्रत्याशी खड़े किये हैं याने वह भी अपने बूते सरकार बनाने के लिये मानसिक तौर पर भी तैयार ही नहीं था। जिस तरह से अलग-अलग प्रांतों में परस्पर विरोधाभासी दलों का राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी गठबंधन बना है,उसमें स्थायित्व के प्रति उनमें शामिल दल ही आश्वस्त नहीं हैं। इस बेमेल गठबंधन पर जनता को भी भरोसा नहीं हो सकता। वे देख चुके हैं कि किस तरह से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने अभी तक के राजनीतिक जीवन मे रात-दिन कांग्रेस,सोनिया गांधी और गांधी परिवार के खिलाफ जहर उगलते रहे और अब हाथों में हाथ डाले तस्वीरें उतरवा रहे हैं तो क्यों? वे केजरीवाल,जो हाथ लहरा-लहरा कर सोनिया गांधी के खिलाफ सीबीआई,ईडी की जांच की मांग करते रहे,उन्हें जेल में डालने की मांग करते रहे और मोदीजी को चुनौती देते रहे, वे जब कांग्रेस से सीटों का समझौता करेंगे तो आपको लगता है कि जनता उनके प्रत्याशी को चुनेंगी?

 

कमोबेश ऐसा सभी जगह हैं। इसलिये विपक्ष के प्रयास भी अब एकमात्र इस बात पर केंद्रित हो गये कि भाजपा को 400 पार जाने से रोका जाये। भले ही फिर भाजपा को 300 से 350 सीटों के बीच कुछ मिल जाये, तब भी वह डींग तो हांक ही सकता है कि हमने मोदी के रथ को रोक दिया। अब सारा दरोमदार जनता के ऊपर आन पड़ा है कि वह मोदी जी के नारे की लाज रखे या उनकी रणनीति के अनुसार पिछली बार से ज्यादा सीटें देकर तसल्ली दे या विपक्ष की मंशा के अनुरूप 300 या इसके अंदर ही भाजपा को रोक दे। रही बात विपक्षी गठबंधन सरकार बनने की तो शेख चिल्ली ख्वाब देखने पर कोई कानूनी रोक तो है नहीं । इस समय तो किसी नेता या दल की छवि और ताकत इतनी नहीं कि वे भाजपा सरकार बनने के तमाम अनुमानों को पलटी खिला दे।

Author profile
thumb 31991 200 200 0 0 crop
रमण रावल

 

संपादक - वीकेंड पोस्ट

स्थानीय संपादक - पीपुल्स समाचार,इंदौर                               

संपादक - चौथासंसार, इंदौर

प्रधान संपादक - भास्कर टीवी(बीटीवी), इंदौर

शहर संपादक - नईदुनिया, इंदौर

समाचार संपादक - दैनिक भास्कर, इंदौर

कार्यकारी संपादक  - चौथा संसार, इंदौर

उप संपादक - नवभारत, इंदौर

साहित्य संपादक - चौथासंसार, इंदौर                                                             

समाचार संपादक - प्रभातकिरण, इंदौर      

                                                 

1979 से 1981 तक साप्ताहिक अखबार युग प्रभात,स्पूतनिक और दैनिक अखबार इंदौर समाचार में उप संपादक और नगर प्रतिनिधि के दायित्व का निर्वाह किया ।

शिक्षा - वाणिज्य स्नातक (1976), विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन

उल्लेखनीय-

० 1990 में  दैनिक नवभारत के लिये इंदौर के 50 से अधिक उद्योगपतियों , कारोबारियों से साक्षात्कार लेकर उनके उत्थान की दास्तान का प्रकाशन । इंदौर के इतिहास में पहली बार कॉर्पोरेट प्रोफाइल दिया गया।

० अनेक विख्यात हस्तियों का साक्षात्कार-बाबा आमटे,अटल बिहारी वाजपेयी,चंद्रशेखर,चौधरी चरणसिंह,संत लोंगोवाल,हरिवंश राय बच्चन,गुलाम अली,श्रीराम लागू,सदाशिवराव अमरापुरकर,सुनील दत्त,जगदगुरु शंकाराचार्य,दिग्विजयसिंह,कैलाश जोशी,वीरेंद्र कुमार सखलेचा,सुब्रमण्यम स्वामी, लोकमान्य टिळक के प्रपोत्र दीपक टिळक।

० 1984 के आम चुनाव का कवरेज करने उ.प्र. का दौरा,जहां अमेठी,रायबरेली,इलाहाबाद के राजनीतिक समीकरण का जायजा लिया।

० अमिताभ बच्चन से साक्षात्कार, 1985।

० 2011 से नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना वाले अनेक लेखों का विभिन्न अखबारों में प्रकाशन, जिसके संकलन की किताब मोदी युग का विमोचन जुलाई 2014 में किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को भी किताब भेंट की गयी। 2019 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के एक माह के भीतर किताब युग-युग मोदी का प्रकाशन 23 जून 2019 को।

सम्मान- मध्यप्रदेश शासन के जनसंपर्क विभाग द्वारा स्थापित राहुल बारपुते आंचलिक पत्रकारिता सम्मान-2016 से सम्मानित।

विशेष-  भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा 18 से 20 अगस्त तक मॉरीशस में आयोजित 11वें विश्व हिंदी सम्मेलन में सरकारी प्रतिनिधिमंडल में बतौर सदस्य शरीक।

मनोनयन- म.प्र. शासन के जनसंपर्क विभाग की राज्य स्तरीय पत्रकार अधिमान्यता समिति के दो बार सदस्य मनोनीत।

किताबें-इंदौर के सितारे(2014),इंदौर के सितारे भाग-2(2015),इंदौर के सितारे भाग 3(2018), मोदी युग(2014), अंगदान(2016) , युग-युग मोदी(2019) सहित 8 किताबें प्रकाशित ।

भाषा-हिंदी,मराठी,गुजराती,सामान्य अंग्रेजी।

रुचि-मानवीय,सामाजिक,राजनीतिक मुद्दों पर लेखन,साक्षात्कार ।

संप्रति- 2014 से बतौर स्वतंत्र पत्रकार भास्कर, नईदुनिया,प्रभातकिरण,अग्निबाण, चौथा संसार,दबंग दुनिया,पीपुल्स समाचार,आचरण , लोकमत समाचार , राज एक्सप्रेस, वेबदुनिया , मीडियावाला डॉट इन  आदि में लेखन।