पीएम स्वनिधि में मध्यप्रदेश पूरे देश में अव्वल

43

पीएम स्वनिधि में मध्यप्रदेश पूरे देश में अव्वल

भोपाल. पीएम स्वनिधि योजना में मध्यप्रदेश पूरे देश में अव्वल है। मध्यप्रदेश में इस योजना के तहत 18 लाख 70 हजार 557 आवेदन प्राप्त हुए थे और इसमें से 15 लाख 87 हजार 431 आवेदनों को स्वीकृति देकर 15 लाख 69 हजार 243 प्रकरणों में ऋण प्रकरण स्वीकृत कर 2 हजार 632 करोड़ रुपए जारी किए गए है। इस तरह मध्यप्रदेश पूरे देश में अव्वल स्थान पर है। दूसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश, तीसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश, चौथे स्थान पर तेलंगाना और पांचवे स्थान पर पंजाब है।

आयुक्त नगरीय विकास एवं आवास संकेत भोंडवे ने प्रदेश टुडे को बताया कि योजना को आगे बढ़ाते हुए पुनर्गठित किया गया है। अब नवीन पीएम स्वनिधि योजना में पथ विक्रेताओं को विभिन्न चरणों में पंद्रह हजार, पच्चीस हजार और पचास हजार रुपए तक के ऋण एवं तीस हजार वाले यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड जारी कर लाभ प्रदाय किया जा रहा है। योजना 31 मार्च 2030 तक चलेगी।

भोंडवे ने बताया कि सात लाख से अधिक पथकर विक्रेता डिजिटली रुप से सक्रिय लेनदेन कर रहे है जिसके फलस्वरुप इस योजना में 47 करोड़ से अधिक कैशबैक प्राप्त किया गया है।प्रदेश के साथ-साथ नगरीय निकायों ने भी योजना में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च स्थान अर्जित किया है। नयी पीएम स्वनिधि योजना में इंदौर देश में सबसे अधिक प्रकरण वितरित करने वाला प्रथम निकाय बन गया है। इंदौर ने अधिक आबादी वाले मुंबई, दिल्ली, बंगलौर, चेन्नई, कोलकाता एवं हैदराबाद को भी पीछे छोड़ दिया है।

दस से चालीस लाख आबादी वाले निकायों की श्रेणी में भोपाल नगर निगम ने दूसरा स्थान,जबलपुर नगर निगम ने तीसरा स्थान हासिल किया है। बड़ोदरा तथा नागपुर नगर निगम ने चौथा और पांचवा स्थान हासिल किया है। एक लाख से दस लाख तक की आबादी वाले निकायों की श्रेणी में उज्जैन नगर निगम ने देश में पांचवा स्थान प्राप्त किया है।