
Massive Fire Incident: : अस्पताल के ICU में लगी आग, 10 मरीजों की मौत की खबर, कई घायल
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में गुरुवार तड़के करीब दो बजे आग लग गई। सुबह 6:30 तक तीन शवों के निकाले जाने की पुष्टि हुई है, जबकि एक और की मौत वहीं पर हो गई। मौत के आंकड़ों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन बताया गया है कि इस दर्दनाक हादसे में 10 लोग अपनी जान गवां बैठे हैं। इसी बीच करीब 20 लोगों के हताहत होने की जानकारी आई, लेकिन मौतों की संख्या पर औपचारिक पुष्टि नहीं हो रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग अस्पताल की ऊपरी मंजिल स्थित आईसीयू में लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में धुआं फैल गया और मरीजों व उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया।
हादसे के दौरान अस्पताल में भर्ती दो दर्जन से ज्यादा मरीज सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। शुरुआती सूचनाओं के अनुसार, हादसे में 10 मरीजों की जान चली गई है, हालांकि मृतकों की संख्या पर अभी प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। घटना के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
*सुबह करीब 3 बजे अस्पताल में लगी आग*
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन पदाधिकारी आरएन पाण्डेय ने बताया कि सुबह करीब 3 बजे आग की सूचना मिली थी। जब टीम पहुंची, तो पूरा आईसीयू वार्ड घने और काले धुएं से भरा हुआ था और स्थिति बेहद खराब थी। दमकल कर्मियों ने भारी मशक्कत के बीच राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने आईसीयू और अन्य वार्डों की खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर फंसे हुए मरीजों को बाहर निकाला। त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 से ज्यादा मरीजों को सुरक्षित रेस्क्यू कर तुरंत दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
*शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका*
अस्पताल परिसर में अचानक भड़की इस आग का कारण शुरुआती तौर पर बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह क्या थी, यह पूरी तरह से विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही साफ हो सकेगा। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रसाद हॉस्पिटल के पांचवें फ्लोर पर ICU है। वेटिंग हॉल चौथे फ्लोर पर है। जिसके चलते बचाव कार्य में मुश्किल हुई। करीब एक घंटे के बाद आग पर नियंत्रण हो सका। ICU में 20 से अधिक मरीजों के भर्ती होने की बात कही जा रही है।
*अस्पताल में मौके पर मची चीख-पुकार*
चश्मदीदों के मुताबिक, आईसीयू से धुआं और लपटें उठते ही पूरे अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे।
अस्पताल के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत खिड़कियां तोड़कर मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने का काम शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की 8 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
*दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किए गए मरीज*
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ प्रसाद हॉस्पिटल पहुंचे। अधिकारियों ने खुद मौके पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान झुलसे हुए सभी मरीजों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए शहर के विभिन्न अस्पतालों में शिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
*मृतकों की पहचान की जा रही*
इस भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले अभागे मरीजों और गंभीर रूप से घायलों की शिनाख्त की प्रक्रिया प्रशासन द्वारा की जा रही है। इसके साथ ही, अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की टीमें आईसीयू के भीतर हुए कुल माल-जाल के नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटी हुई हैं।





