मोदी, कमल और कार्यकर्ता…

मोदी, कमल और कार्यकर्ता…

मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बहुमत से भाजपा की सरकार बनना तय हो गया है। इससे साफ हो गया है कि 2024 में देश में मोदी को आने से अब कोई नहीं रोक सकता। जैसा कि मोदी ने आभार जताते हुए साफ कर दिया है कि 2023 में राज्यों की हैट्रिक लग गई है और अब 2024 में केंद्र की हैट्रिक लगना तय है। मोदी ने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत के लिए तीनों राज्यों के मतदाताओं का आभार जताया और कार्यकर्ताओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पर किसी नेता का नाम अपनी जुबान पर नहीं आने दिया। और कहा तो यही कि कमल और कार्यकर्ता ही भाजपा का मजबूत आधार हैं। और वैसे भी जैसा कहा गया कि मध्यप्रदेश के मन में मोदी है और मोदी के मन में मध्यप्रदेश है। ठीक वैसे ही अब राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी चुनाव सीधा मोदी के नाम पर लड़ा गया है। यहां तक कि तेलंगाना में भी स्थिति यही थी, इसीलिए मोदी ने अभिव्यक्त भी किया कि भाजपा ने तेलंगाना में बेहतर प्रदर्शन किया है और भाजपा तेलंगाना में भी पूरे मनोयोग से सेवा कर दिल जीतेगी। और मोदी यह कहना भी नहीं भूले कि मोदी गारंटी को पूरा करने की भी गारंटी है। और मोदी नाम की यह गारंटी भारत में सब पर भारी है। भाजपा का आधार वही लाखों-करोड़ों कार्यकर्ता हैं, जिनके दम पर भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल बन पाया है। और इक्कीसवीं सदी में इन करोड़ों कार्यकर्ताओं की शक्ति का केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। पर अब भारत की राजनीति मोदी, कमल और कार्यकर्ता तीन शब्दों में सिमट गई है और अपने आप में संतुष्ट भी है।

जैसा खुद शिवराज ने भी कहा कि अपने साढ़े 9 करोड़ जनता के परिवार को प्रणाम करता हूं। एक असाधारण और अभूतपूर्व विजय उनके आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी को मिली है।प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी के प्रति अटूट विश्वास और अटल श्रद्धा की यह विजय है। यह विजय भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने जो काम किए हैं मध्यप्रदेश को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए, उस विकास की विजय है। यह विजय समाज के हर वर्ग के जो कल्याण के काम किए हैं गरीब कल्याण, किसान कल्याण, भांजे भांजियों के कल्याण के काम और माता और बहनों के सशक्तिकरण का अभियान जो चला इसकी एक कड़ी थी लाडली बहना योजना… यह उन कामों की जीत है। यह अटल विश्वास है मध्यप्रदेश की साढ़े 9 करोड़ जनता का भारतीय जनता पार्टी पर, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी हृदय से आभार प्रकट करता हूं। देव तुल्य कार्यकर्ताओं ने अनथक परिश्रम किया यह उन कार्यकर्ताओं की विजय है।यह विजय गरीबों की विजय है। किसानों की विजय है, नौजवानों की विजय है, माता बहनों की विजय है, भांजे भांजियों की विजय है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने चमत्कार किया है। और कहा कि जो प्रदेश के विकास का रोड मैप हमने बनाया है हम उस पर चलकर प्रदेश को विकसित भी करेंगे और जो जो वचन दिए हैं वह सारे संकल्प पत्र में हमने संकल्प व्यक्त किए हैं, एक-एक संकल्प पूरा होगा। क्योंकि यह गारंटी भारतीय जनता पार्टी की मोदी जी की गारंटी है। हम उसे हर हालत में पूरा करेंगे।

जैसा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में मोदी मैजिक चला है। एमपी के मन में मोदी, मोदी के मन में एमपी को प्रदेश की जनता ने साकार किया है। गृहमंत्री अमित शाह के टास्क को कार्यकर्ताओं ने पूरा किया है। अल्पसंख्यकों ने मोदी जी पर भरोसा जताया है। कर्मचारियों ने कांग्रेस का साथ नहीं दिया है। कांग्रेस की गुंडागर्दी को जनता ने नकार दिया है। मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार, रणनीति व सामूहिक नेतृत्व से ऐतिहासिक जीत मिली है। वोट शेयर के लक्ष्य को पूरा करने में बूथ के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल में देश भर के 10 लाख बूथों के कार्यकर्ताओं को मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान के तहत बूथ जीतने का जो मंत्र दिया था, उसे पार्टी के देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं ने साकार करने का काम किया है। प्रदेश की जनता से भारतीय जनता पार्टी को विधानसभा चुनाव में जिस तरह से आशीर्वाद दिया है वह यह बताता है कि मध्यप्रदेश की जनता 2024 में मोदी जी को पुनः देश का प्रधानमंत्री बनाने का मन अभी से बना चुकी है।

तो अब भाजपा पूरी तरह से मोदी, कमल और कार्यकर्ताओं में समा गई है। भाजपा संगठन ने मध्यप्रदेश में हर बूथ पर 51 फीसदी मत हासिल करने का लक्ष्य तय किया था। भारत निर्वाचन आयोग मध्यप्रदेश के मुताबिक भाजपा को 48.55 फीसदी वोट मिला है। तो कांग्रेस को 40.40 फीसदी वोट मिला है। इस लिहाज से भी मध्यप्रदेश में इतिहास बन गया है। मध्यप्रदेश के संदर्भ में देखें तो विष्णु दत्त शर्मा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा के लिए शुभंकर साबित हुए हैं। उनके आने के एक माह बाद शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बन गई थी। और अब शिवराज के मुख्यमंत्री रहते लाड़ली बहना संग विष्णु दत्त शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं में भरोसा की अलख जगाकर भाजपा ने जो इतिहास रचा है, उसने वास्तव में इतिहास ही बना दिया है। और विष्णु दत्त शर्मा ने कहा भी कि केंद्रीय गृह मंत्री व कुशल संगठक व रणनीतिकार अमित शाह ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने का टास्क दिया था। पार्टी के देवदुर्लभ कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के 64523 बूथों पर अथक मेहनत करके हर बूथ को जीतने के साथ 51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त करने की ओर अग्रसर हुए है। देर रात तक जब पूरे प्रदेश का फाइनल चुनाव परिणाम आएगा तो आप देखेंगे कि भाजपा अधिकांश बूथों पर 51 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त कर रही है।

तो मोदी, कमल और कार्यकर्ताओं ने यह साबित कर दिया है कि इक्कीसवीं सदी उनकी ही है। मोदी सपनों को हकीकत में बदल रहे हैं। और भाजपा और मोदी के सपनों में कार्यकर्ता रंग भर रहे हैं…।

Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।