MP BJP President Election: दिल्ली चुनाव के चलते अटक सकता है प्रदेश BJP अध्यक्ष का चुनाव, धर्मेंद्र प्रधान के पास पहुंची प्रदेश प्रतिनिधियों की सूची

421
Bjp Membership Campaign

MP BJP President Election: दिल्ली चुनाव के चलते अटक सकता है प्रदेश BJP अध्यक्ष का चुनाव, धर्मेंद्र प्रधान के पास पहुंची प्रदेश प्रतिनिधियों की सूची

भोपाल. दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कुछ दिन के लिए टल सकता है। दिल्ली में पांच फरवरी को मतदान है, इसके बाद ही मध्य प्रदेश में अध्यक्ष का चुनाव होगा। इधर प्रदेश अध्यक्ष चुनने के लिए निर्वाचन अधिकारी बने धर्मेंद्र प्रधान एक-एक वोटर की राय जानेंगे। जिसके आधार पर प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने को संगठन की ओर से निर्णय लिया जाएगा।

भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता इन दिनों दिल्ली चुनाव में व्यस्त हैं। प्रदेश के भी कई नेताओं की दिल्ली चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि दिल्ली चुनाव तक किसी भी नेता के पास इतना समय नहीं रहेगा कि वह मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के लिए रायशुमारी कर सके।हालांकि धर्मेंद्र प्रधान ने प्रदेश प्रतिनिधियों की लिस्ट अपने पास बुला ली है। प्रदेश भाजपा कार्यालय से यह लिस्ट गुरुवार शाम को भेज दी गई है। इन सभी से प्रधान मोबाइल फोन पर बात कर प्रदेश अध्यक्ष को लेकर उनकी राय जानने का प्रयास कर सकते हैं। प्रधान का अब तक कोई औपचारिक दौरे का कार्यक्रम जारी नहीं हो सका है, लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि वे दिल्ली चुनाव के बाद ही यहां पर आकर प्रदेश अध्यक्ष के लिए बनाए गए वोटर्स से बातचीत कर सकते हैं। इसके पहले वे प्रदेश के वरिष्ठ और प्रभावी नेताओं से भी चर्चा करेंगे, ताकि यह भी वे जान सके कि यहां के बड़े नेता प्रदेश अध्यक्ष को लेकर क्या चाहते हैं।

कई नेता हैं प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की दौड़ में कई नेता शामिल माने जा रहे हैं। जिस तरह से जिला अध्यक्ष के चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के लोग चुन कर आए हैं, और संगठन ने सिर्फ तीन जिलों को छोड़कर बाकी के जिलों के अध्यक्ष का चयन कर लिया है, ऐसे में वीडी शर्मा का फिर से अध्यक्ष बनने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। वहीं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का नाम भी चर्चाओं में है। इसी तरह संगठन में काम कर रहे है विधायक हेमंत खंडेलवाल, भगवानदास सबनानी का नाम भी चर्चाओं में है। विधायकों रामेश्वर शर्मा, बृजेंद्र प्रताप सिंह भी इस दौड़ में शामिल हैं। वहीं राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार, सुमर सिंह सोलंकी के अलावा सांसद आलोक शर्मा, डॉ. आशीष दुबे, गजेंद्र पटेल, सुधीर गुप्ता, पूर्व विधायक अरविंद भदौरिया, लालसिंह आर्य इस दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं।