
MP News: शादी से लौट रहे पिता-पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत, साथी घायल; बोलेरो चालक पर मोबाइल छीनकर भागने का आरोप..
छतरपुर: शहर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा रात करीब 12 बजे सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हमा गांव के पास हुआ। ग्रामीणों ने निर्माणाधीन ब्रिज पर बैरिकेड नहीं लगाए जाने को हादसे की बड़ी वजह बताते हुए निर्माण कंपनी पर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने चक्का जाम कर रखा है। सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बड़ेरापुरा (सौंप) निवासी रामकृपाल सेन (60), उनके पुत्र संदीप सेन (32) और हेमंत कुशवाहा (19) छतरपुर स्थित लॉ कैपिटल होटल में आयोजित एक शादी समारोह से हीरो एचएफ डीलक्स बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हमा गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रामकृपाल सेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संदीप सेन और हेमंत कुशवाहा को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान संदीप ने भी दम तोड़ दिया। हेमंत का इलाज जारी है।
घायल हेमंत ने बताया कि हादसे के बाद उसने घटना का वीडियो मोबाइल से बना लिया था, लेकिन आरोपी वाहन चालक उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया ताकि कोई सबूत न बच सके। घटनास्थल से वाहन के टूटे हुए हिस्से मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हमा गांव के पास एमकेसी कंपनी द्वारा ब्रिज निर्माण कार्य किया जा रहा है, लेकिन सड़क पर कहीं भी बैरिकेड या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं। निर्माण सामग्री और मिट्टी सड़क पर फैली होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उनका कहना है कि सामने से आ रही गाड़ियों की तेज रोशनी के कारण बाइक सवार सड़क किनारे रुके थे, तभी बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी और आगे जाकर मिट्टी के ढेर पर चढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जिला अस्पताल में मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही। ग्रामीणों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी और निर्माण कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का चक्का जाम, सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन..
इस दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत के बाद सोमवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दोनों के शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सीएसपी, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी, ओरछा रोड थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया।
गौरतलब है कि बीती रात शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार तीन लोगों को एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और हादसे की जांच की जा रही है। वहीं, ग्रामीण दोषी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।





