
MP News: गोद में मासूम को लेकर मां ने कुएं में लगाई छलांग: दोनों की मौत से गांव में मातम..
छतरपुर: जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवती ने अपने एक वर्षीय बेटे को गोद में लेकर कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मां-बेटे की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान गणेशपुरा गांव निवासी सीमा यादव (25) पत्नी बृजकुमार यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सीमा शुक्रवार को अपने एक वर्षीय बेटे अनिकेत यादव को साथ लेकर शेखसेमरा गांव के पास स्थित एक कुएं तक पहुंची और वहां से छलांग लगा दी। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आ सका है।
स्थानीय लोगों ने जब कुएं में मां-बेटे को देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना का दृश्य इतना दर्दनाक था कि ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल नैनागिर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मां-बेटे के शव कुएं से बाहर निकाले गए।
इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बकस्वाहा भेजा गया। नैनागिर चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक सीमा पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। हालांकि परिवार ने किसी प्रकार के विवाद या अन्य कारणों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। मासूम बेटे के साथ मां द्वारा उठाए गए इस कदम ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।





