WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home मीडियावाला ख़ास

People Saved Rajwada : CM का आरोप ‘कांग्रेस इंदौर का राजवाड़ा बेचना चाहती थी, जनता ने बचाया!

भाजपा सरकार ने राजवाड़ा का जीर्णोद्धार कर इसके गौरव को फिर स्थापित किया!

People Saved Rajwada : CM का आरोप ‘कांग्रेस इंदौर का राजवाड़ा बेचना चाहती थी, जनता ने बचाया!

Indore : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वो राजवाड़ा बेचना चाहती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब राजवाड़ा बेचने का फैसला हो चुका था। स्थानीय लोगों ने इसके खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया। तब कांग्रेस सरकार को अपना फैसला बदलना पड़ा। इंदौर शहर के बीचों बीच स्थित राजवाड़ा पूर्व होलकर शासकों का ऐतिहासिक राजमहल है।

मुख्यमंत्री ने यह आरोप राजवाड़ा के जीर्णोद्धार का काम पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में लगाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कई लोगों को पता ही नहीं है कि जब राज्य में एक जमाने में कांग्रेस की सरकार थी, तो उसने राजवाड़ा बेचने का फैसला कर लिया था। इसके खिलाफ स्थानीय लोगों ने आंदोलन किया था।

उन्होंने वर्ष 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़के सिख विरोधी दंगों के दौरान राजवाड़ा में आगजनी की घटना की ओर इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार के वक्त राजवाड़ा में आग लगा दी गई थी। इस ऐतिहासिक विरासत की ऐसी दुर्गति हो रही थी कि इसमें लगी लकड़ियां सड़-सड़कर गिर रही थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार ने राजवाड़ा का जीर्णोद्धार करके इसके गौरव को फिर से स्थापित किया है। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने ऐसे वक्त राजवाड़ा के जीर्णोद्धार का काम पूरा किया है, जब शहर में जी 20 के कृषि कार्य समूह की बैठक हो रही है। बैठक के पहले दिन सोमवार को कई देशों के प्रतिनिधियों ने ‘हेरिटेज वॉक’ के दौरान राजवाड़ा भी देखा।

मुख्यमंत्री चौहान ने शहर के सुपर कॉरिडोर पर सूचना प्रौद्योगिकी कम्पनी यश टेक्नोलॉजीज के आईटी पार्क का उद्घाटन भी किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) के रूप में विकसित इस परिसर से 12,500 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने अपने एक दिवसीय दौरे में शहर के फूटी कोठी चौराहे पर एक फ्लाईओवर की नींव रखी और चिकित्सा क्षेत्र में अलग-अलग परियोजनाओं की शुरुआत की।